आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : लिंक रोड नंबर एक पर रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक कार पलटने से दो लोगों की मौत हो गई। दो अन्य घायल हैं, जिन्हें हमीदिया हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची एमपी नगर पुलिस ने जेपी हॉस्पिटल के कैजुअल्टी मेडिकल ऑफिसर की सूचना पर मर्ग दर्ज किया है। बताया जा रहा है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी।
पुलिस के मुताबिक नसरुल्लागंज (सीहोर) के रहने वाले विक्रम गुप्ता और अभिराज सिंह अपने दोस्तों के साथ भोपाल घूमने आए थे। सभी देर रात न्यू मार्केट से बोर्ड ऑफिस की ओर कार से जा रहे थे। रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने शिवाजी नगर चौराहा पर कार ब्रेकर पर उछलकर पलट गई। हादसे में विक्रम गुप्ता और अभिराज सिंह की मौत हो गई।