आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : फिनलैंड में 29 नवंबर से 1 दिसंबर तक दुनिया की सबसे बड़ी इनवेस्टर्स समिट होने वाली है। फिनलैंड की राजधानी हेलसिंकी में होने वाली इस समिट का नाम स्लश (slush) है। समिट के लिए भारत सरकार की तरफ से भी एक डेलिगेशन जा रहा है। जिसमें इंदौर के एक स्टार्टअप का भी चयन हुआ है।
खास बात यह है कि मप्र से एकमात्र इंदौर के स्टार्टअप का चयन केंद्र सरकार ने किया है। बता दें कि केंद्र सरकार ने देश की 32 कंपनी का एक डेलिगेशन इस समिट के लिए तैयार किया है, जो कि फिनलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
फिनलैंड समिट के लिए केंद्र सरकार ने इंदौर के स्टार्टअप लीगल 251 का चयन किया है। स्टार्टअप के फाउंडर कन्हैया शर्मा ने बताया कि मप्र से एकमात्र हमारी कंपनी को सिलेक्ट किया गया है। इस समिट में हम भारत में विदेशी निवेश को और मजबूती देने के लिए विदेशी फंडिंग को भारत लाने का प्रयास करेंगे। वहां के इनवेस्टर्स, कंपनियों और स्टार्टअप से वन टू वन चर्चा करेंगे। वहीं हमारे स्टार्टअप को हम यूरोपियन व अन्य देशों में एक्सपांड कर पाएं।
कन्हैया ने ऐसे की थी एथिकल हैकिंग की शुरुआत
कन्हैया ने बताया कि मेरे दोस्त का मोबाइल गुम हो गया था। दोस्त को परेशान देख मैंने हैकिंग के जरिए उसकी लोकेशन ट्रैस करके उसके मोबाइल को खोज निकाला था। जिस शख्स को मोबाइल मिला था मैं उसके पास पहुंचा था और उससे मोबाइल बरामद करके अपने दोस्त को दे दिया था।
कन्हैया ने बताया कि मेरे हैकिंग स्किल को देखते हुए देश भर की कई बड़ी सरकारी संस्थाओं और गैर सरकारी संस्थाओं ने अपने साथ जोड़ने के ऑफर दिए थे। कन्हैया ने बताया कि वह कई बड़ी सरकारी संस्थाओं में ट्रेनिंग देने जाते हैं।