आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार (3 नवंबर) को तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 400 अंक की तेजी के साथ 64,490 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी 120 अंक की तेजी है, यह 19,255 के स्तर पर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 में तेजी और 6 में गिरावट देखने को मिली है।
ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक का IPO आज ओपन हुआ
ESAF स्मॉल फाइनेंस बैंक लिमिटेड का इनिशियल पब्लिक ऑफर यानी IPO आज ओपन हो गया है। रिटेल निवेशक 7 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे। 9 नवंबर को कंपनी के शेयर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्ट होंगे।
इस IPO के जरिए कंपनी ₹463 करोड़ जुटाना चाहती है। इसके लिए कंपनी ₹390 के फ्रेश शेयर इश्यू करेगी। जबकि, मौजूदा निवेशक और प्रमोटर ₹72.30 के शेयर ऑफर फॉर सेल के जरिए बेचेंगे।
मैक्सिमम 3250 शेयर के लिए बिडिंग कर सकते हैं रिटेल निवेशक
रिटेल निवेशक को मिनिमम एक लॉट यानी 250 शेयरों के लिए अप्लाय करना होगा। कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड ₹57-₹60 प्रति शेयर रखा है। यदि आप IPO के अपर प्राइज बैंड ₹60 के हिसाब से 1 लॉट के लिए अप्लाय करते हैं तो आपको ₹15,000 लगाने होंगे। रिटेल निवेशक मैक्सिमम 13 लॉट यानी 3250 शेयर के लिए बिडिंग कर सकते हैं, जिसके लिए उन्हें अपर प्राइज बैंड के हिसाब से ₹195,000 खर्च करने होंगे।
कल बाजार में रही थी तेजी
इससे पहले कल यानी गुरुवार (2 नवंबर) को बढ़त देखने को मिली थी। सेंसेक्स 489 अंक की बढ़त के साथ 64,080 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 144 अंक की तेजी रही, यह 19,133 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में तेजी और सिर्फ 2 में गिरावट देखने को मिली थी। बैंकिंग और IT शेयर्स में ज्यादा तेजी देखने को मिली थी।