आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल:  सरकार ने वित्त वर्ष 2022-23 के लिए PF अकाउंट में जमा राशि पर ब्याज दर को 8.10% से 0.05% बढ़ाकर 8.15% कर दिया है। एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) ने मंगलवार को इसका ऑफिस ऑर्डर जारी किया। वित्त वर्ष 2021-22 के लिए सरकार ने PF पर ब्याज दर को घटाकर 8.10% कर दिया था, जो 43 साल का सबसे निचला स्तर था। देश के करीब 6 करोड़ कर्मचारी PF के दायरे में आते हैं।

यहां समझें PF पर अब कितना ज्यादा मिलेगा ब्याज

EPFO एक्ट के तहत कर्मचारी की बेसिक सैलरी प्लस DA का 12% PF अकाउंट में जाता है। तो वहीं, कंपनी भी कर्मचारी की बेसिक सैलरी प्लस DA का 12% कॉन्ट्रीब्यूट करती है। कंपनी के 12% कॉन्ट्रीब्यूशन में से 3.67% PF अकाउंट में जाता है और बाकी 8.33% पेंशन स्कीम में जाता है। वही कर्मचारी के कॉन्ट्रीब्यूशन का सारा पैसा PF अकाउंट में जाता है।

ऐसे में मान लीजिए आपके PF अकाउंट में 31 मार्च 2023 तक (वित्त वर्ष 2023-24 के लिए ओपनिंग बैलेंस) कुल 5 लाख रुपए जमा हैं। ऐसे में अगर आपको 8.10% की दर से ब्याज मिलता तो आपको 5 लाख पर 40,500 रुपए ब्याज के रूप में मिलते। लेकिन अब ब्याज दर को बढ़ाकर 8.15% करने के बाद आपको 40,750 रुपए ब्याज मिलेगा।