सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भोपाल मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं कार्यस्थलों पर कार्यरत रेलकर्मियों द्वारा ड्यूटी के दौरान दिखाई गई सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई के अनेक उदाहरण सामने आए हैं। इन रेलकर्मियों ने ट्रेनों एवं रेल परिसंपत्तियों में उत्पन्न संभावित खतरों को समय रहते पहचानकर संबंधित अधिकारियों को सूचना दी तथा आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर सुरक्षित रेल परिचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। डीआरएम पंकज त्यागी ने संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले 8 रेलकर्मियों को संरक्षा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालने वाले कर्मचारियों में मंगलदीन कुशवाहा, कांटेवाला, सलामतपुर ने दिनांक 15 जुलाई 2026 को सलामतपुर स्टेशन से थ्रू पास हो रही मालगाड़ी के दौरान संकेतों का आदान-प्रदान करते समय इंजन से संबंधित असामान्य स्थिति को देखा। उन्होंने खतरे को भांपते हुए तत्काल हाथ संकेत देकर गाड़ी को रुकवाया। जांच करने पर ब्रेक ब्लॉक जाम पाया गया, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई संभव हो सकी।
रोहित पवार, गुड्स ट्रेन मैनेजर, बीना ने दिनांक 24 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के सलामतपुर स्टेशन पहुंचने पर कोच संख्या एस-2 से धुआं निकलने की शिकायत मिलने पर तत्काल जांच की। जांच में कोच के दोनों ब्रेक पैड ब्रेक डिस्क से चिपके हुए पाए गए। उन्होंने तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर ब्रेक प्रणाली को सुरक्षित किया और गाड़ी को सुरक्षित रूप से रवाना कराया।
पीयूष कुमार सिंह, मेल ट्रेन मैनेजर, बीना ने दिनांक 26 जुलाई 2026 को गाड़ी संख्या 11071 कामायनी एक्सप्रेस पर कार्यरत रहते हुए रानी कमलापति–भोपाल स्टेशन के मध्य अप लाइन पर पास हो रहे स्पेशल ट्रेन परिचालन के दौरान एक संभावित खतरे को देखा। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल संबंधित ट्रेन परिचालन एवं नियंत्रण अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकी।
अमित कुमार, उप स्टेशन प्रबंधक, पीलीघटा ने दिनांक 22 अगस्त 2026 को पीलीघटा स्टेशन से गुजर रही मालगाड़ी के निरीक्षण के दौरान वैगन से संबंधित असामान्य स्थिति को देखा। उन्होंने तत्काल स्टेशन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए गाड़ी को जांच के लिए शाढोरा स्टेशन पर रुकवाया। जांच के उपरांत आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की गई और सुरक्षित परिचालन सुनिश्चित किया गया।
समरजीत राजपूत, कांटेवाला, पीलीघटा ने दिनांक 10 अगस्त 2026 को पीलीघटा स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी वैगन के व्हील में लगभग 02 मिमी गहरी लाइन दिखाई देने पर तत्काल ऑन-ड्यूटी स्टेशन प्रबंधक को इसकी सूचना दी। स्टेशन प्रबंधक द्वारा संबंधित सूचना एवं फोटो के माध्यम से सी एंड डब्ल्यू नियंत्रण को अवगत कराया गया तथा वैगन को डिटैच करने के निर्देश दिए गए।
जगदीश धर्मदास, वरिष्ठ तकनीशियन, भोपाल ने दिनांक 30 जुलाई 2026 को रोलिंग-इन परीक्षण के दौरान गाड़ी संख्या 12754 हजरत निजामुद्दीन-नांदेड़ एक्सप्रेस के कोच के साइड की पोजीशन पर एक टूटी हुई प्राइमरी स्प्रिंग का पता लगाया। उनकी सतर्कता से कोच में संभावित तकनीकी खतरे की समय रहते पहचान हो सकी और आवश्यक कार्रवाई की गई।
रवि झा, वरिष्ठ तकनीशियन, बीना ने दिनांक 30 जुलाई 2026 को मुख्यालय बीना के अंतर्गत कार्य के दौरान गाड़ी संख्या 19166 साबरमती एक्सप्रेस के कोच के एक टूटी हुई प्राइमरी स्प्रिंग का पता लगाया। उन्होंने समय रहते तकनीकी खामी की पहचान कर सुरक्षित रेल परिचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
इसी क्रम में देवेंद्र मीणा, कनिष्ठ अभियंता (सी एंड डब्ल्यू), गुना ने दिनांक 14 अगस्त 2026 को गाड़ी संख्या 19167 साबरमती एक्सप्रेस के इंजन संख्या 39235, के गुना स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 02 पर पहुंचने के बाद रोलिंग-इन परीक्षण के दौरान बैटरी बॉक्स को सपोर्ट करने वाले ब्रैकेट के अत्यधिक क्षतिग्रस्त होने के कारण बैटरी बॉक्स के लटकने की स्थिति को देखा। उन्होंने तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर बैटरी बॉक्स को सुरक्षित कराया तथा उचित तरीके से सुरक्षित करने के बाद ही गाड़ी को रवाना किया।
इस संरक्षा पुरूस्कार अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय तथा वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता/कोचिंग राम प्रकाश खरे उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ड्यूटी के दौरान असाधारण सतर्कता, जिम्मेदारी एवं त्वरित निर्णय लेकर संभावित खतरों की पहचान करने वाले रेलकर्मियों की सराहना की तथा कहा कि सुरक्षित रेल परिचालन सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक रेलकर्मी की सजगता दुर्घटनाओं की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
भोपाल मंडल द्वारा रेलकर्मियों को सदैव कार्य के दौरान सतर्कता बरतने, निर्धारित संरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी असामान्य स्थिति की तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को देने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। ऐसे सजग एवं कर्तव्यनिष्ठ रेलकर्मियों की कार्यप्रणाली अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #आरएम #लकर #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #यरत