आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुरैना में ATM कार्ड बदलकर धोखाधड़ी कर रुपए निकालने की वारदातों में यकायक इजाफा हो गया है। लगातार दो दिन में दो युवकों के साथ धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया गया। इन वारदातों में ठगों ने लाखों रुपए की चपत लगा दी है।
शहर के महावीर पुरा में रहने वाले गरवेश शर्मा (19) बीते दिन मुरैना शहर के HDFC बैंक के ATM में रुपए निकालने पहुंचे थे। जब वे अंदर गए तो उनके रुपए नहीं निकल रहे थे। इस पर पास खड़े व्यक्ति ने उनसे कहा कि क्या वह उनकी मदद कर सकता है। इस पर उन्होंने उसे तुरंत अपना ATM देकर मदद करने को कहा। उस युवक ने उनको रुपए निकाल कर दे दिए तथा उनका ATM उन्हें वापस कर दिया।
बाद में उनके मोबाइल पर मैसेज आया कि उनके बैंक अकाउंट से 1,63,499 रुपए निकाल लिए गए हैं। उन्होंने जब बैंक जाकर पता किया तो पता लगा कि जिस व्यक्ति ने उनकी ATM के अंदर मदद की थी, उसी ने उनका ATM बदलकर उनके ATM से रुपए निकाल लिए थे। उन्होंने इसकी शिकायत कोतवाली थाने में जाकर की। अब कोतवाली पुलिस एटीएम में लगे CCTV कैमरे के फुटेज के आधार पर युवक को खोजने की कोशिश कर रही है।
दूसरा मामला
दूसरा मामला मुरैना के बानमोर कस्बे का है। यहां पर नरेश पुत्र सालिका जाटव, उम्र 47 वर्ष, निवासी भगीता का पुरा, बामौर कस्बे के पंजाब नेशनल बैक के ATM में रुपए निकालने गए थे। उसी समय दो अज्ञात व्यक्ति उसके साथ ATM में घुसे थे। उनमें से एक ने उसकी मदद करने के बहाने उसका एटीएम बदल लिया तथा उसे दूसरा ATM थमा दिया। जब वह वापस घर लौटा तो उसके मोबाइल पर रुपए निकालने का मैसेज आ गया। उसने देखा कि उसके बैंक खाते से 65700 रुपए निकाल लिए। उसने बानमोर थाने में इसकी शिकायत की है। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।