सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप भोपाल जिले में मुख्यमंत्री वृंदावन ग्राम योजना के समन्वित, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा द्वारा जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति का गठन किया गया है। समिति योजना के अंतर्गत चयनित ग्रामों एवं गौशालाओं में स्वीकृत विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और निगरानी के साथ विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करेगी।

जिला स्तरीय अनुश्रवण समिति की अध्यक्षता भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री करेंगे तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत समिति के सदस्य-सचिव होंगे। समिति में कलेक्टर भोपाल, जिला वनमंडलाधिकारी, पशु चिकित्सा, कृषि, मत्स्य एवं उद्यानिकी विभाग के उप संचालक, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल संसाधन, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री, जिला शिक्षा अधिकारी तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित 31 विभागों के प्रमुख अधिकारियों को सदस्य बनाया गया है।

समिति चयनित ग्रामों एवं गौशालाओं में संचालित निर्माण और विकास कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करेगी। इसके साथ ही गौशालाओं में पेयजल, विद्युत अथवा सौर ऊर्जा, चारा, शेड, स्वच्छता और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी। विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं विभागों के बीच अभिसरण स्थापित कर कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

योजना से संबंधित जन- शिकायतों और व्यावहारिक समस्याओं का भी समिति द्वारा समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। समिति की समीक्षा बैठक प्रत्येक माह आयोजित होगी। बैठक में लिए गए निर्णयों का पालन सुनिश्चित करते हुए प्रगति प्रतिवेदन निर्धारित प्रारूप में राज्य शासन तथा पंचायत राज संचालनालय को भेजा जाएगा।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #समन #समयबद #वयन