आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कल की बड़ी खबर टेस्ला से जुड़ी रही। एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी ‘टेस्ला​​​​​’ को भारत में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के लिए सरकार जनवरी 2024 तक सभी जरूरी अप्रूवल दे सकती है। वहीं फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर बिन्नी बंसल ग्लोबल AI स्टार्टअप लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भारत में 10% अमीरों के पास देश की आधी संपत्ति है।

कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…

बाटा इंडिया लिमिटेड आज यानी बुधवार (08 नवंबर) को वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे घोषित करेगी। इसके अलावा भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड, गोदरेज इंडस्ट्रीज, रेमेंड्स और टाटा पावर के रिजल्ट भी जारी होंगे।

शेयर बाजार में आज तेजी देखने को मिल सकती है। बीते दिन मंगलवार को सेंसेक्स 16 अंक की गिरावट के साथ 64,942 पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 5 अंक की गिरावट देखने को मिली थी, यह 19,406 के स्तर पर बंद हुआ था।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।

अब कल की बड़ी खबरें…

  1. जनवरी 2024 तक टेस्ला को मंजूरी दे सकती है सरकार: देश में EV मैन्युफैक्चरिंग के नेक्स्ट फेज को लेकर PM ऑफिस में हुई मीटिंग

एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार बनाने वाली कंपनी ‘टेस्ला​​​​​’ को भारत में मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के लिए सरकार जनवरी 2024 तक सभी जरूरी अप्रूवल दे सकती है। इसके लिए विभाग तेजी से काम कर रहे हैं। ET ने अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी प्रधानमंत्री ऑफिस में सोमवार को हुई एक हाई लेवल मीटिंग के बाद आई है, जिसमें टेस्ला के निवेश प्रस्ताव सहित देश में इलेक्ट्रिक व्हीकल मैन्युफैक्चरिंग के नेक्स्ट फेज को लेकर चर्चा हुई।

  1. देश में लोगों की इनकम में असमानता बढ़ी, गरीबी घटी: रिपोर्ट में दावा- 10% अमीर लोगों के पास देश की आधी संपत्ति

भारत हाई इनकम वाले देशों में शामिल हो चुका है। चिंता की बात ये है कि पिछले 20 सालों में लोगों की इनकम और संपत्ति में असमानता में भी काफी बढ़ोतरी हुई है। यूनाइटेड नेशन डेवलपमेंट प्रोग्राम (UNDP) ने सोमवार को जारी हुई अपनी एक रिपोर्ट में यह दावा किया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, भारत दुनिया के टॉप 10 देशों में शामिल हुआ है, जहां लोगों की इनकम बढ़ी तो है लेकिन सभी वर्गों की समान रूप से नहीं बढ़ी है। 10 फीसदी अमीर लोगों के पास देश की आधी संपत्ति है।

3.ग्लोबल AI स्टार्टअप लॉन्च करेंगे फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर बिन्नी बंसल: बेंगलुरु में इसका प्रायमरी ऑपरेटिंग सेंटर और सिंगापुर में हेडक्वार्टर होगा

फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर बिन्नी बंसल ग्लोबल AI स्टार्टअप लॉन्च करने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए उन्होंने 15 लोगों की एक टीम को हायर किया है, जिनमें ज्यादातर साइंटिस्ट हैं। इसके साथ ही अगले कुछ महीनों के अंदर और अधिक कर्मचारियों को शामिल करने की योजना है। ब्लूमबर्ग ने सूत्रों के हवाले से इसके बारे में जानकारी दी है।

रिपोर्ट के अनुसार, स्टार्टअप का प्रायमरी ऑपरेटिंग सेंटर बेंगलुरु में होगा और हेडक्वार्टर सिंगापुर में होगा। बिन्नी अपने AI स्टार्टअप के जरिए टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज और इंफोसिस की तरह कॉरपोरेट क्लाइंट को AI प्रोडक्ट और सर्विसेस प्रोवाइड कराना चाहते हैं।