रायपुर ।  भारतीय जनता पार्टी के संसद सदस्य (रायपुर) सुनील सोनी ने छत्तीसगढ़ संयुक्त अनियमित कर्मचारी महासंघ के राजधानी में आहूत आंदोलन के मद्देनज़र उनकी मांगों को न्यायोचित बताते हुए उन्हें पूरा करने मांग की है। अपनी पाँच सूत्रीय मांगों को लेकर रायपुर में जल-समाधि लेने जुटे प्रदेश भर के इन कर्मचारियों के आंदोलन का समर्थन करते हुए श्री सोनी ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार इन कर्मचारियों की मांगों को अनसुना कर संवेदनहीनता कर रही है।

भाजपा संसद सदस्य श्री सोनी ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश का हर वर्ग आंदोलित हुआ है। अपने ढाई साल के शासनकाल में कांग्रेस सरकार ने जो वादाख़िलाफ़ी की है, उससे हर वर्ग के लोग बेहद संत्रस्त हो गए हैं। नियमितीकरण, सरकारी नौकरी में ठेका प्रथा समाप्त करने, समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर लामबंद हुए विभिन्न विभागों के इन अनियमित कर्मचारियों की एकजुटता इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल है।