आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में लगातार चौथे दिन हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। राजधानी में दिसंबर महीने में गर्मी, ठंड और बारिश होने का ट्रेंड है। इस बार भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिसंबर के पहले सप्ताह तक भोपाल में मौसम बदला रहेगा। हल्की बारिश के साथ बादल रहेंगे। इससे दिन का टेम्प्रेचर 25 डिग्री के आसपास ही रहेगा, जबकि रात का टेम्प्रेचर सामान्य से दो-तीन डिग्री बढ़ा हुआ रह सकता है।
पिछले 10 साल के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 6 साल बारिश हुई है। सबसे ज्यादा वर्ष 2014 और 2019 में पौन इंच बारिश हुई थी। पिछले चार साल से लगातार बारिश हो रही है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि 26 नवंबर से ही भोपाल में मौसम बदला हुआ है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस (पश्चिमी विक्षोभ), चक्रवात और ट्रफ लाइन की वजह से स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव रहा। इससे बारिश का आंकड़ा भी बढ़ गया। यह सिस्टम दिसंबर के शुरुआती दिनों में भी एक्टिव रहेगा। वहीं, एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है। इससे 7-8 दिसंबर तक मौसम बदला हुआ रहेगा।
मौसम वैज्ञानिक हुसैन ने बताया कि पिछले कुछ साल से दिसंबर की शुरुआत से ही बारिश हो रही है। इस बार भी मिजाज ऐसा ही है।
दिसंबर में ऐसा ट्रेंड, इस बार भी असर
भोपाल में दिसंबर में तेज सर्दी की शुरुआत हो जाती है। हर दिन सुबह कोहरा छाया रहता है। वहीं, बारिश का दौर भी रहता है। इस महीने दिन का सामान्य तापमान 26.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.7 डिग्री तक रहता है। उत्तरी हवा आने से दिन में भी ठंडक महसूस होती है। 15 दिसंबर के बाद मौसम में बदलाव होने का अनुमान है।
भोपाल में ऐसा रहता है दिसंबर का मौसम
पिछले 10 साल में दिन का तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रहता है। इस बार शुरुआत दिनों में दिन के तापमान में गिरावट रहेगी। हालांकि, रात के तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
11 दिसंबर 1941 को अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री तक रहा था। यह ओवरऑल रिकॉर्ड है। हालांकि, वर्ष 2020 में पारा 32.6 डिग्री तक पहुंच चुका है।
11 दिसंबर 1966 की रात में पारा 3.1 डिग्री सेल्सियस रहा था। वर्ष 2021 में पारा 3.4 डिग्री तक पहुंच चुका है।
वर्ष 1997 में मासिक बारिश 137.2 मिमी यानी 5.4 इंच बारिश हुई थी। यह अब तक की सर्वाधिक बारिश है।
24 घंटे में सर्वाधिक बारिश 66.3 मिमी 2.6 इंच 11 दिसंबर 1967 को हुई थी।
रुक-रुककर हो रही बारिश
राजधानी में आज सुबह से बारिश का दौर जारी है। कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। गुरुवार की देर रात भी हल्की बारिश हुई। हालांकि सुबह के समय मौसम साफ था और हल्का कोहरा छाया हुआ था। सुबह आठ बजे के बाद से बारिश हो रही है। बीते 24 घंटे में 4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम तापमान 26.5 और न्यूनतम 18.8 डिग्री दर्ज किया गया।