आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज यानी 1 नवंबर से कई छोटे-बड़े बदलाव हुए हैं। दिवाली से ठीक पहले सरकार ने 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों के दामों में 100 रुपए से ज्यादा की बढ़ोतरी की है। इसके अलावा बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE ने इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट पर ट्रांजेक्शन चार्ज बढ़ा दिया है।

हम आपको आज से हुए ऐसे ही 4 बदलावों के बारे में बता रहे हैं…

  1. कॉमर्शियल गैस सिलेंडर महंगा हुआ

दिल्ली में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 1833 रुपए हो गई है। कोलकाता में यह 1943 रुपए में मिलेगा। मुंबई में 1785.50 रुपए और चेन्नई में 1999.50 रुपए में मिलेगा। इससे पहले एक अक्टूबर को भी इसके दामों में करीब 200 रुपए का इजाफा किया गया था।

दिल्ली में पहले ये 1731.50 रुपए, कोलकाता में 1839.50 रुपए, मुंबई में 1684 रुपए और चेन्नई में 1898 रुपए में मिल रहा था। वहीं 14.2 KG वाले घरेलू गैस सिलेंडरों के दामों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में यह 903 रुपए और भोपाल में 908 रुपए में मिल रहा है।

  1. दिल्ली में दाखिल नहीं हो सकेंगी BS-4 डीजल बसें

बढ़ते प्रदूषण के मद्देनजर दिल्ली सरकार के परिवहन विभाग ने BS-4 डीजल बसों की एंट्री 1 नवंबर 2023 से बंद करने का फैसला किया है। इसके चलते राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से ये बसें दिल्ली में नहीं दाखिल हो सकेंगीं। एक नवंबर से दिल्ली में सिर्फ इलेक्ट्रिक, सीएनजी एवं भारत स्टेज (बीएस)- 6 बसें ही एंट्री ले सकेंगी।

  1. BSE ने इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट पर ट्रांजेक्शन चार्ज बढ़ाया

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE ने 1 नवंबर से इक्विटी डेरिवेटिव सेगमेंट पर लेनदेन शुल्क बढ़ा दिया है। ये बदलाव S&P BSE SENSEX ऑप्शंस पर लगाए जाएंगे। मार्केट एक्सपर्ट ने कहा कि लेनदेन लागत बढ़ाने के कदम से ट्रेडर्स और विशेषकर रिटेल निवेशकों पर निगेटिव असर पड़ेगा।

  1. GST को लेकर नियम बदलाव

राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र यानी NIC के मुताबिक, 100 करोड़ रुपए या उससे ज्यादा के कारोबार वाले बिजनेस को एक नवंबर से 30 दिनों के अंदर ई चालान पोर्टल पर GST चालान अपलोड करना होगा। GST अथॉरिटी ने ये फैसला सितंबर में लिया था।

पेट्रोल-डीजल के दामों में बदलाव नहीं

आज पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। एक साल से ज्यादा समय से पेट्रोल-डीजल के दाम में बदलाव नहीं हुआ है। आखिरी बार 21 मई 2022 में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बदलाव किया गया था।