आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इंदौर के चंदन नगर में रहने वाले एक ढाई साल के बच्चे की गर्म पानी में झुलसने से मौत हो गई। बताया जाता है कि अचानक चूहा सामने आ जाने से बच्चा घबरा गया। वह डरकर भागा। इस दौरान पीछे ही रखी गर्म पानी की बाल्टी में गिर गया।
चंदन नगर पुलिस के मुताबिक ढाई साल के बच्चे फरदीन की रविवार शाम एमवाय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हाे गई। दादा सईद ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि पिछले सप्ताह मंगलवार को फरदीन खेलते हुए जल गया। इसके बाद से उसका उपचार एमवाय में चल रहा था।
चूहा देख घबरा गया बच्चा
दादा ने पुलिस को बताया कि उनके घर में गमी हो गई। इसके चलते सुबह की नमाज को लेकर परिवार के लोग जाग जाते हैं। मां के उठने पर फरदीन भी उठ गया। चूल्हे पर नहाने के लिये गर्म पानी रखा था। कुछ देर बाद उसे नीचे उतार दिया। फरदीन वहीं खेल रहा था।
अचानक उसके सामने से चूहा निकलकर भागा। जिससे बच्चा घबरा गया और पीछे की तरफ भागा। तभी वहां रखे गर्म पानी के बर्तन में हाथ के बल गिर गया। हादसे में वह 25 से 30 प्रतिशत जल गया। फरदीन के पिता फर्नीचर का काम करते हैं। परिवार में उसका एक और छोटा भाई है।