सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मेहनत से मिली सफलता जब जीवन में आगे बढ़ने का साधन भी बन जाए, तो वह पुरस्कार वास्तविक बदलाव का माध्यम बन जाता है। सुभाष एक्सीलेंस स्कूल, भोपाल की मेधावी छात्रा मुस्कान सोंधिया के लिए मुख्यमंत्री स्कूटी योजना के अंतर्गत मिली ई-स्कूटी ऐसी ही सौगात है। यह उनके लिए केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा के सपनों को साकार करने का विश्वास और आत्मनिर्भर भविष्य की ओर बढ़ता एक मजबूत कदम है। मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा भोपाल जिले के 132 स्कूलों के मेधावी छात्र-छात्राओं को विद्यालय में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ई-स्कूटी प्रदान की गई। योजना से लाभान्वित विद्यार्थियों में मुस्कान सिंधिया के साथ अनुराग तिवारी, गरिमा श्रीवास, रागिनी अहिरवार, मिलमा खान, सौम्या, रानी सपना और देवेश गुप्ता सहित अनेक प्रतिभाशाली विद्यार्थी शामिल हैं।
अब दूरी नहीं बनेगी पढ़ाई में बाधा कॉलेज की पढ़ाई के लिए प्रतिदिन आने-जाने में विद्यार्थियों का काफी समय व्यतीत होता था। आवागमन की सुविधा के कारण कई बार समय पर कॉलेज पहुंचना भी चुनौती बन जाता था। ई-स्कूटी मिलने से अब उनकी यह चिंता काफी हद तक दूर हो गई है। विद्यार्थी समय पर कॉलेज पहुंच सकेंगे, नियमित रूप से कक्षाओं में शामिल हो सकेंगे और आवागमन में बनने वाले समय का उपयोग पढ़ाई तथा भविष्य की तैयारियों में कर पाएंगे। मुस्कान सिंधिया ने बताया कि ई-स्कूटी मिलने से कॉलेज तक पहुंचना अधिक सहज होगा। प्रतिदिन आवागमन में लगने वाले समय की बचत होगी और पढ़ाई के लिए अतिरिक्त समय मिल सकेगा। यह सुविधा उन्हें अधिक नियमित और एकाग्रता के साथ अपनी शिक्षा जारी रखने में मदद करेगी। अन्य लाभान्वित विद्यार्थियों ने भी ई-स्कूटी को अपने शैक्षणिक जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली सौगात बताया। उनका कहना है कि स्वयं का आवागमन साधन मिलने से दूसरों पर निर्भरता कम होगी और वे पढ़ाई सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियों के लिए अपने समय का बेहतर प्रबंधन कर सकेंगे।
सुविधा के साथ बढ़ा आत्मविश्वास मुख्यमंत्री स्कूटी योजना विद्यार्थियों को केवल कॉलेज तक पहुंचने की सुविधा ही नहीं दे रही, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, जिम्मेदारी और आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित कर रही है। ई-स्कूटर के रूप में मिली यह सहायता मेधावी विद्यार्थियों को भरोसा दिलाती है कि उनकी मेहनत को सम्मान मिल रहा है और उच्च शिक्षा की राह में सरकार उनके साथ खड़ी है। मुस्कान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की यह पहल उनके जैसे विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा जारी रखने में अत्यंत मददगार है। उन्होंने इस सुविधा का पूरी जिम्मेदारी के साथ उपयोग करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने बेहतर भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।
मेधा के सम्मान ने जगाई बेहतर प्रदर्शन की प्रेरणा मुख्यमंत्री स्कूटी योजना का प्रभाव केवल ई-स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है। मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित होते देखकर अन्य विद्यार्थी भी नियमित अध्ययन, अनुशासन और बेहतर परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित हुए हैं। इससे विद्यालयों में स्वस्थ शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा का वातावरण बना है। विद्यार्थियों का यह विश्वास भी मजबूत हुआ है कि उनकी प्रतिभा और परिश्रम को सरकार पहचानती है तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करती है। इस योजना ने शासकीय स्कूलों के विद्यार्थियों की सोच में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। अब वे बड़े लक्ष्य निर्धारित कर अधिक मेहनत के साथ पढ़ाई करने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। अभिभावकों में भी बच्चों की उच्च शिक्षा को लेकर नया विश्वास जागा है। योजना से विद्यार्थियों को जहां आवागमन की सुविधा मिली है, वहीं उनके भीतर समय का सदुपयोग करने, आत्मनिर्भर बनने और अपने भविष्य की जिम्मेदारी स्वयं संभालने की भावना भी विकसित हुई है।
यह केवल मुस्कान या ई-स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धि की कहानी नहीं, बल्कि उन सभी बच्चों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव की कहानी है, उन्हें इस योजना ने ऊंचे सपने देखने और उन्हें अपनी मेहनत से पूरा करने की प्रेरणा दी है। मुस्कान और भोपाल के अन्य मेधावी विद्यार्थियों की यह यात्रा बताती है कि जब मेहनत को सम्मान, शिक्षा को सहारा और प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है, तो सपनों की राह स्वयं आसान होने लगती है।
मुख्यमंत्री स्कूटी योजना ने विद्यार्थियों को केवल ई-स्कूटी नहीं दी, बल्कि कॉलेज की दूरी हटाकर उनके सपनों को नई रफ्तार, मेहनत को नई पहचान और भविष्य को नई दिशा दी है। यही इस योजना से आए बदलाव की सार्थक और प्रेरक कहानी है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #132 #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #हनत #सफलत