सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: नेशनल सेंटर फॉर ह्यूमन सेटलमेंट्स एंड एनवायरनमेंट, भोपाल और कंज्यूमर वॉयस, नई दिल्ली ने अंकुर हायर सेकेंडरी स्कूल, टी टी नगर, भोपाल के सहयोग से “सड़क यातायात पीड़ितों के लिए विश्व स्मरण दिवस” को चिह्नित करने के लिए एक रोड वाक कर व मानव श्रृंखला बनाकर सड़कों पर दुर्घटनाओं और हताहतों की संख्या कम करने के लिए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सड़क यातायात पीड़ितों के लिए विश्व स्मरण दिवस की शुरुआत 1993 में रोडपीस द्वारा की गई थी। संयुक्त राष्ट्र ने प्रत्येक वर्ष नवंबर माह के तीसरे रविवार को मनाए जाने के लिए इसे एक वैश्विक दिवस के रूप में “सड़क यातायात चोटों के पीड़ितों और उनके परिवारों के लिए उचित स्वीकृति” के साथ 2005 में समर्थन दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ अंकुर हायर सेकेण्डरी स्कूल के प्रांगण में किया गया, जहाँ म.प्र. यातायात पुलिस के अधिकारी नरेंद्र चौधरी ने विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों, शिक्षकों और स्वैच्छिक सेवाएं प्रदान करने वाले व्यक्तियों को संबोधित करते हुए उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि भारत में हर साल सड़क दुर्घटनाओं के कारण 1.5 लाख से अधिक लोगों की मौत हो जाती है और उन्होंने लोगों को यातायात दुर्घटनाओं, चोटों और मृत्यु से बचने के लिए बुनियादी यातायात नियमों के बारे में बताया। श्री अविनाश श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में सभी का स्वागत करते हुए विश्व सड़क यातायात पीड़ितों की स्मृति दिवस के महत्व के बारे में बात की।
तत्पश्चात, सड़क सुरक्षा संदेशों वाले प्ले कार्ड लेकर छात्र एवं अन्य प्रतिभागी लिंक रोड नंबर 1 पर फुटपाथ के किनारे किनारे टीटी नगर मुख्य सड़क की और बढ़ चले और फिर चौराहे के एक तरफ एक मानव श्रृंखला बनाकर आमजन में जागरूकता फैलाई। पूरी गतिविधि के दौरान शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने छात्रों को अनुशासन का पालन करने में मदद की। पुलिस कर्मियों ने पैदल चलने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित की। प्रतिभागियों ने यातायात पुलिस अधिकारी चौधरी द्वारा कहे गए सड़क सुरक्षा संदेशों का जोर-शोर से दोहरा कर जनता को जागरूक किया।
यह कार्यक्रम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि मध्य प्रदेश यातायात पुलिस द्वारा एक महीने तक दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट और 4 पहिया चालकों द्वारा सीट बेल्ट का उपयोग सुनिश्चित करने के लिए राज्यव्यापी विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों और वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा सम्बन्धी पंपलेट और साइनेज चार्ट वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम में 100 से अधिक छात्रों, शिक्षक और छात्रों के माता-पिता, स्वयं सेवी संस्थाओं के सदस्यों व अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम को एनसीएचएसई के महानिदेशक प्रदीप नंदी, अंकुर हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रधानाचार्य विशाखा शर्मा ने भी संबोधित किया।