सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सेलएवं आई आई सी ’द्वारा विद्यार्थियों को महाविद्यालय से व्यावसायिक जगत में सफलतापूर्वक प्रवेश के लिए तैयार करने के उद्देश्य से कैम्पस टू करियर बिल्ड, ब्रांड एंड ब्रेक इन विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में करियर निर्माण, व्यक्तिगत ब्रांडिंग, संचार कौशल, रोजगारपरकता एवं व्यावसायिक विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। विद्यार्थियों को समकालीन कार्यस्थल की अपेक्षाओं को समझने तथा एक मजबूत व्यावसायिक पहचान विकसित करने के लिए व्यावहारिक जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

सत्र के प्रारंभ में मुख्य वक्ता अंश क्याल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी वातावरण में केवल डिग्री प्राप्त करना पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों के लिए यह भी आवश्यक है कि वे अपने ज्ञान, कौशल, क्षमताओं एवं व्यक्तित्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना सीखें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी खूबियों को पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने, स्पष्ट करियर लक्ष्य निर्धारित करने तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों को अनस्टॉप प्लेटफॉर्म से भी परिचित कराया गया तथा ऑनलाइन प्रतियोगिताओं एवं अन्य व्यावसायिक अवसरों में भाग लेने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को अपने स्टार्टअप आइडिया के लिए प्रभावी पिच डेक तैयार करने एवं प्रस्तुत करने के बारे में मार्गदर्शन दिया गया। इसके साथ ही, रिज्यूमे तैयार करने तथा संबंधित प्लेटफॉर्म पर अपने कौशल को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी जानकारी दी गई।

प्राचार्य डालिमा पारवानी ने कहा कि ‘कैम्पस टू करियर’ केवल महाविद्यालय से नौकरी तक पहुंचने की प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह अपने ज्ञान, कौशल, व्यक्तित्व एवं क्षमताओं को एक मजबूत व्यावसायिक पहचान में परिवर्तित करने की यात्रा है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने करियर के प्रति सजग रहते हुए निरंतर सीखने, स्वयं को विकसित करने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #एनएन #टवर #आईट #DeskSource #लएव #जगत #सफलत