आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बुंदेलखंड क्षेत्र में चुनावी माहौल हर गांव गली में दिखाई दे रहा है। चुनाव को लेकर इस पूरे क्षेत्र में जहां भाजपा विकास कार्यों पर चुनाव लड़ रही है, वहीं कांग्रेस इन कार्यों में हुए भ्रष्टाचार पर निशाना साध रही है। यहां जाति भी मुद्दा है। इसका लाभ लेकर कुछ प्रत्याशी निर्दलीय खड़े हो गए हैं, तो कुछ ने सपा, बसपा और आप का दामन थाम लिया है। अब ये समीकरण बिगाड़ेंगे। इसके अलावा टिकट न मिलने से नाराज कार्यकर्ता भी प्रत्याशियों की मुसीबत बढ़ाएंगे जो अपनी पार्टी से बगावत कर चुनाव में खड़े हो गए हैं।

उप्र से सटे ज्यादातर विस क्षेत्रों में यादव जाति निणार्यक है। इस वजह से सपा पेंच फंसाएगी। प्रत्येक प्रत्याशी बुंदेलखंडी लोकधुनों के जरिए अपना संदेश देने का प्रयास कर रहा है। टीकमगढ़ के रामदयाल कहते हैं कि रामदयाल कहते हैं कि अबे जो आ रओ ओई की जय जयकार कर रए हें, लेकिन वोट देवे की बेरा तो देखने परहे के कौन खों दएं। काय सें पांच साल की भोगमानी तो हमोरोईं की रत।

वोटर्स की भाषा में राजनीति का मर्म

यहां कुछ क्षेत्रों में लाड़ली बहना योजना और जातिगत समीकरण बेअसर होते दिखाई दे रहे हैं। बलदेवगढ़ बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहीं नवविवाहिता गुड्डी देवी ने कहा कि पैसा तो सबई दे रए, वोट तो अपने हिसाब से ही दें। उनके साथ खड़ीं अहिल्या इस बात पर सहमत थीं कि वोट देवे में तो और भी बातें देखनी पड़ेंगीं। महंगाई कहां पहुंच रही है, बच्चे पालवे मुश्किल हो गए हैं। पहले सिलेंडर इतनो महंगो कर दओ फिर चुनाव आए तो पैसा कम कर दए।

निवाड़ी में चतुष्कोणीय मुकाबला

मलैया भी त्रिकोणीय मुकाबले में फंसे

निवाड़ी में मौजूदा भाजपा विधायक अनिल जैन के खिलाफ सपा से मीरा यादव, कांग्रेस से अमित राय, बसपा अवधेश राठौर के खड़े होने यहां मुकाबला चतुष्कोणीय हो गया है। टीकमगढ़ में भाजपा से राकेश गिरि के सामने कांग्रेस के यादवेंद्र सिंह बुंदेला खड़े हैं। यहां भाजपा के बागी पूर्व विधायक केके श्रीवास्तव ने निर्दलीय मैदान में है। खरगापुर में भी निर्दलीय प्रत्याशी प्यारेलाल सोनी ने मुकाबले को त्रिकोणीय बना दिया है। यहां भाजपा से राहुल लोधी और कांग्रेस से चंदा गौर प्रत्याशी हैं। पूर्व मंत्री जयंत मलैया भी त्रिकोणीय मुकाबले में फंसे हैं।

मंत्रियों की राह भी आसान नहीं…

सुरखी से 2020 के उपचुनाव में 40 हजार से अधिक की लीड लेने वाले परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के लिए भी जीत की राह आसान नहीं है। भाजपा से आए नीरज शर्मा यहां कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। रेहली में मंत्री गोपाल भार्गव के खिलाफ कांग्रेस ने युवा चेहरे ज्योति पटेल पर यहां दांव खेला है। यह क्षेत्र कुर्मी-पटेल बाहुल्य क्षेत्र है, इस कारण उन्हें प्रत्याशी बनाया गया है। खुरई सीट पर मंत्री भूपेंद्र सिंह के सामने कांग्रेस प्रत्याशी रक्षा राजपूत हैं। लेकिन कांग्रेस यहां ज्यादा माहौल नहीं बना पा रही है।

बुंदेलखंड में इन सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला

टीकमगढ़, खरगापुर, निवाड़ी, पृथ्वीपुर, सागर की बंडा, छतरपुर की ही राजनगर सहित 10 सीटाें पर त्रिकोणीय मुकाबला है।