भोपाल । हालमार्क ज्वैलरी में हालमार्किंग यूनीक आइडेंटिफिकेशन कोड (एचयूआइडी) को लागू करने के विरोध में भोपाल के सराफा कारोबारी सोमवार को हड़ताल पर है। दोपहर में व्यापारी रोशनपुरा चौराहे पर पहुंचे और सांकेतिक रूप से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान वे खुली दुकानों को भी बंद कराने पहुंचे। राजधानी के अन्य व्यापारिक संगठनों ने भी हड़ताल को समर्थन दिया है। हड़ताल के कारण भोपाल की 800 से ज्यादा सराफा दुकानें बंद है। कारोबारियों के साथ कारीगरों ने भी अपना व्यापार बंद कर रखा है।
शहर में सराफा की छोटी-बड़ी 800 से अधिक दुकानें हैं, जो सोमवार को नहीं खोली गई। पुराने शहर के चौक बाजार में दुकानें बंद होने से वीरानी रही तो न्यू मार्केट, कोलार, होशंगाबाद रोड, 10 नंबर मार्केट, बिट्ठन मार्केट, एमपी नगर, अवधपुरी समेत अन्य बाजारों में भी दुकानें बंद रखी गई है। व्यापारियों की माने तो हड़ताल से करीब 1 करोड़ रुपये का कारोबार प्रभावित होगा।
न्यू मार्केट, रोशनपुरा चौराहे पर प्रदर्शन
भोपाल सराफा महासंघ के पदाधिकारी और व्यापारी दोपहर में रोशनपुरा चौराहा स्थित जवाहर भवन पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। इसके अलावा वे न्यू मार्केट भी पहुंची। रोशनपुरा चौराहे के समीप एक ज्वैलरी शॉप खुला पाया तो व्यापारी उसे बंद कराने पहुंचे। महासंघ के प्रवक्ता नवनीत अग्रवाल ने बताया कि विभिन्न दौर की बातचीत के बाद भी राह निकलती नहीं दिख रही है। इसके चलते सराफा कारोबार से जुड़े संगठनों ने आंदोलन की राह पकड़ ली है। देशभर के प्रमुख शहरों के सराफा बाजारों के साथ भोपाल सराफा ने भी सोमवार को विरोध में दुकानें बंद रखी है। महासंघ अध्यक्ष सुशील धनवानी, महामंत्री संजीव गर्ग गांधी, अनिल अग्रवाल, राजा दादलानी, आनंद सोनी, गोविंद अग्रवाल, योगेश सोनी ने बताया कि संगठनों के आह्वान पर सोमवार को कारोबारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखें है। एचयूआइडी और हाल मार्क के जटिल नियमों के चलते यह आंदोलन चल रहा है।
कारीगर भी बंद में शामिल
एक दिनी हड़ताल में कारोबारी के अलावा कारीगर भी शामिल हुए। उन्होंने भी अपने प्रतिष्ठान बंद रखे। इधर, भोपाल चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के चुनाव में मैदान में उतरी प्रगतिशील पैनल ने भी हड़ताल का समर्थन किया। पैनल के अजय देवनानी ने बताया कि एचयूआइडी के विरोध में की गई भोपाल के सराफा व्यापारियों की हड़ताल का समर्थन कर रहे हैं।