आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में एक बदमाश ने युवक के सिर पर तलवार से हमला कर दिया। उसके साथियों ने भी उसे हथौड़ी और डंडे से बेसुध होने तक पीटा। शनिवार रात युवक दुकान पर सामान खरीदने गया था। वहां उससे मोहल्ले के ही एक बदमाश ने बीड़ी मांगी। मना करने पर वह बदसलूकी करने लगा। बहस कुछ ही देर में मारपीट तक जा पहुंची।
इस बीच आरोपी अपने घर से तलवार ले आया। युवक सिर में मार दी। लहूलुहान होने के बावजूद उसके 2 साथियों ने भी डंडे और हथौड़ी से बेसुध होने तक मारपीट की। फिर तीनों उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद परिजन युवक को लेकर छोला मंदिर थाने पहुंचे। जहां से उन्हें एक मेडिकल फॉर्म देकर अस्पताल भेज दिया। मामले में पुलिस ने 18 घंटे बाद रविवार शाम को FIR दर्ज की है।
3 ने मिलकर तलवार, हथौड़ी-डंडे से पीटा
घायल के भाई धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि हम प्रेम नगर कॉलोनी की गली नंबर एक में रहते हैं। मेरा छोटा भाई नरेश (36) डीटीएच फिटिंग का काम करता है। वह शनिवार रात करीब 11:30 बजे घर से निकला था। उसने पास में ही स्थित एक किराना दुकान से बीड़ी का बंडल खरीदा।
वहां पहले से ही कॉलोनी में रहने वाला नितेश खड़ा था। उसने एक बीड़ी मांगी। मेरे भाई ने मना कर दिया। इस पर नितेश अपशब्द कहने लगा। विरोध किया तो उसने झूमाझटकी शुरू कर दी। इसी बीच आरोपी दौड़कर अपने घर गया, और तलवार ले आया। कुछ ही मिनट में उसके दोनों भाई भी आ धमके।
नितेश ने नरेश के सिर में तलवार मार दी। वह गिर पड़ा तो उसके भाईयों ने हथौड़ी-डंडे बरसाना शुरू कर दिया। वे बेसुध होने पर उसे पीटते रहे, और लहूलुहान छोड़कर फरार हो गए।
मोहल्ले वालों की सूचना पर हम वहां पहुंचे तो देखा मेरा भाई जमीन पर पड़ा है। हम उसे छोला मंदिर थाने ले गए। वहां पुलिस वालों से कहा- भाई के सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें हैं। उसे अस्पताल लेकर चलिए।
इस पर पुलिस वालों ने कहा थाने में इस समय केवल 2 लोग हैं। यह मेडिकल फॉर्म ले जाओ, और अस्पताल में भर्ती हो जाना। हमारे पास उस समय वाहन नहीं था। जैसे-तैसे ऑटो से हमीदिया अस्पताल पहुंचे।
वहां बिना पुलिसकर्मी के मेडिकल करने से इनकार कर दिया गया। कई घंटे परेशान होने के बाद बमुश्किल उसे भर्ती किया किया। अब उसका इलाज चल रहा है।
मामला दर्ज कर लिया गया: थाना प्रभारी
भोपाल के छोला मंदिर थाना प्रभारी सुरेश चंद्र नागर ने बताया कि रविवार को शाम 7 बजे घायल नरेश शर्मा के बयान दर्ज लिए हैं। मामला दर्ज किया जा चुका है।