आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश शिखर सम्मान से सम्मानित भोपाल के वरिष्ठ रंगकर्मी स्व. केजी त्रिवेदी की याद में त्रिकर्षि नाट्य संस्था इस वर्ष से राष्ट्रीय नाट्य एवं सम्मान समारोह प्रारंभ कर रही है। 8 से 12 दिसंबर तक शहीद भवन में आयोजित किए जाने वाले इस समारोह में 11 दिसंबर की शाम जाने-माने रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता पीयूष मिश्रा ​​​​​पहले राष्ट्रीय सम्मान से नवाजे जाएंगे। इसी शाम पीयूष लिखित बहुचर्चित नाटक ‘गगन दमामा बाज्यो’ का मंचन भी होगा, जिसका निर्देशन कोई करीब दशक पहले स्व. केजी त्रिवेदी ने किया था।

संस्था के आदर्श शर्मा ने बताया कि समारोह की शुरुआत 8 दिसंबर की शाम रंग संगीत और खुशनुमा ‘यादों का सफरनामा’ शीर्षक कार्यक्रम से होगी, जिसमें केजी त्रिवेदी के व्यक्तित्व और सृजनकर्म पर प्रकाश डाला जाएगा। 9 दिसंबर को संस्था स्व. केजी त्रिवेदी निर्देशित नाटक ‘हस्तिनापुर’ का मंचन करेगी। 10 दिसंबर को स्व. बंसी कौल के निर्देशन में रंग विदूषक के कलाकार लोकप्रिय नाटक ‘तुक्के पे तुक्का’ का मंचन करेंगे।

11 दिसंबर की शाम बेहद खास होगी, जब सुप्रसिद्ध अभिनेता पीयूष मिश्रा के लिखे नाटक ‘गगन दमामा बाज्यो’ का मंचन उन्हीं के सामने किया जाएगा। इस अवसर पर संस्था की ओर से पीयूष मिश्रा को केजी त्रिवेदी की स्मृति में स्थापित पहले राष्ट्रीय सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। आदर्श शर्मा ने बताया कि उन्हें स्मृति चिन्ह के साथ 51 हजार की सम्मान राशि भी प्रदान की जाएगी। अपने सैकड़ों शिष्यों के बीच ‘चच्चा’ के अपनत्व भरे संबोधन से मशहूर स्व. केजी त्रिवेदी निर्देशित दोनों नाटकों को पुरानी डिजाइन के अनुसार प्रथमेश त्रिवेदी और आदर्श शर्मा ने मिलकर तैयार किया है।

खास बात यह कि ‘हस्तिनापुर’ और ‘गगन दमामा बाज्यो’ इन दोनों ही नाटकों में अधिकांश पुराने वहीं कलाकार हैं, जिन्हें केजी चच्चा ने कास्ट किया था। पीयूष मिश्रा के साथ भोपाल के दो नेपथ्य कलाकार क्रमश: कमलेश वर्मा (लाइट डिजाइन) एवं देवेन्द्र शर्मा ”जोशी’ को भी सम्मानित किया जा रहा है। समारोह का समापन प्रसिद्ध रंग निर्देशक मति निशा लोकेंद्र त्रिवेदी निर्देशित नाटक ‘पत्नी का पत्र’ के मंचन से होगा।