आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पेड़ों पर पोस्टर, बैनर लगाने के लिए कीलें ठोंकने का मामला भोपाल कलेक्टर, नगर निगम कमिश्नर और मानव अधिकार आयोग के पास पहुंच गया है। कर्मचारी नेता उमाशंकर तिवारी ने इस मामले में शिकायत की है और पेड़ों पर बैनर-पोस्टर ठोंकने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। तिवारी का तर्क है कि पेड़ों में भी इंसानों की तरह जान होती है और कीलें ठोंके जाने से उनका जीवन खतरे में पड़ सकता है।

तिवारी कहते हैं कि कीलें ठोंकने से पेड़ सूख रहे हैं, जिससे शहर में हरियाली कम हो रही है और प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। वे कहते हैं कि इसे रोकने के लिए कानून भी है। संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत पेड़ों पर विज्ञापन के बैनर-पोस्टर लगाने वालों पर पुलिस कार्रवाई की जा सकती है और उनसे जुर्माना भी वसूला जा सकता है। तिवारी ने बताया कि भोपाल फैक्चर अस्पताल के आसपास एवं शहर में कई जगह पेड़ों पर बड़ी-बड़ी कील ठोंककर विज्ञापन हो रहे हैं, लेकिन नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारी इन पर जुर्माना या एफआईआर नहीं कर रहे हैं। इस अनदेखी से हरे-भरे पेड़ सूख जाएंगे।