आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी भोपाल में नवंबर के दूसरे पखवाड़े में ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अभी रात का टेम्प्रेचर 13 डिग्री के नीचे आ गया है, जो अगले कुछ दिन में 11 से 12 डिग्री के बीच रहेगा। दिन का टेम्प्रेचर 29 से 30 डिग्री के बीच रहेगा। आखिरी दिनों में इसमें गिरावट हो सकती है।
मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। इस कारण हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है और मध्यप्रदेश के कई शहरों में दिन-रात के टेम्प्रेचर में गिरावट आई है। 14 नवंबर को रात का पारा 12.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो अब तक का सबसे कम है।
ऐसा रहेगा दूसरा पखवाड़ा
मौसम वैज्ञानिक हुसैन ने बताया कि 15 नवंबर के बाद से प्रदेश के कई शहरों में ठंड का बढ़ेगा। राजधानी में सुबह हल्की धुंध रहेगा। दिन में पारे में मामूली गिरावट होगी, लेकिन सुबह और शाम को ठंड का असर बढ़ा हुआ रहेगा। 30 नवंबर तक ठंड का असर भी बढ़ जाएगा।
इससे पहले नवंबर के शुरुआती 12 दिनों में मौसम का मिजाज गर्म रहा। पांच दिन पारा 33 डिग्री और 3 दिन 34 डिग्री या इससे अधिक रहा। वहीं, रात में पारा 18 डिग्री तक पहुंच गया। 10 नवंबर की रात में इतना पारा रहा था। इसके बाद पारे में गिरावट होने लगी।
नवंबर में ऐसा रह चुका भोपाल का मौसम
4 नवंबर 1977 को दिन का टेम्प्रेचर 35.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। यह नवंबर में इतने तापमान का ऑल टाइम रिकॉर्ड है।
30 नवंबर 1941 को रात का तापमान 6.1 डिग्री पहुंचा था।
नवंबर में बारिश का ट्रेंड भी है। वर्ष 1936 में पूरे महीने 134.1 मिमी यानी 5.2 इंच बारिश हुई थी।
24 घंटे में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड 10 नवंबर 1969 में 76.4 मिमी यानी 3 इंच का है।
12 शहरों में 15 डिग्री नीचे पारा, पचमढ़ी सबसे ठंडा
यदि प्रदेश की बात करें तो बैतूल, धार, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, पचमढ़ी, रायसेन, राजगढ़, उज्जैन, छिंदवाड़ा, जबलपुर, मंडला, नौगांव, रीवा समेत 12 शहरों में पारा 15 डिग्री के नीचे चल रहा है। रात में पचमढ़ी सबसे ठंडा है। यहां तापमान 11 डिग्री तक पहुंच गया है।
दिन के तापमान की बात करें तो बैतूल, गुना, ग्वालियर, इंदौर, पचमढ़ी, रायसेन, शिवपुरी, छिंदवाड़ा, जबलपुर, खजुराहो, नौगांव, रीवा, सागर, सतना, उमरिया और मलांजखंड में पारा 30 डिग्री के नीचे चल रहा है। मलांजखंड में पारा सबसे कम 26.3 डिग्री पहुंच गया है। मंगलवार को तापमान इतना रहा था।