आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में विधानसभा चुनाव का शोर बुधवार शाम 6 बजे से थम जाएगा। इसके साथ ही पहले से जारी सारी परमिशन निरस्त हो जाएंगी। न चुनावी जुलूस निकलेंगे, न धरना, रैली या सभाएं होंगी। बाहरी लोगों के रुकने पर भी रोक रहेगी। शहर की सीमाओं पर चेकिंग भी होगी। ताकि, गड़बड़ी करने वालों को सख्ती से रोका जा सके।

आज शाम से ही जिले की सभी शराब की दुकानें भी मतदान समाप्ति तक बंद हो जाएंगी। जिला प्रशासन की टीमें मैदान में उतरेगी, और आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करेगी। 17 नवंबर की सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। इसके लिए जिले में कुल 2049 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

भोपाल में 7 विधानसभा सीटें, 96 कैंडिडेट्स मैदान में

भोपाल जिले की सभी सात विधानसभा सीटों के लिए कुल 96 उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरे हैं। सबसे ज्यादा 23 उम्मीदवार नरेला विधानसभा सीट से किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि सबसे कम 6 कैंडिडेट्स हुजूर सीट से उतरेंगे। वहीं, 37 निर्दलीय भी डटे हुए हैं। बता दें कि जिले में बैरसिया, नरेला, हुजूर, भोपाल मध्य, भोपाल उत्तर, भोपाल दक्षिण-पश्चिम और गोविंदपुरा विधानसभा सीटें हैं।

आज शाम से ये रोक…

चुनावी शोर थमेगा, सिर्फ घर-घर जाकर होगा प्रचार

शाम 6 बजे से ही चुनावी शोर थम जाएगा। इसके बाद कोई भी प्रत्याशी न तो जुलूस-रैली निकाल सकेगा और न ही सभा कर सकेगा। बिना शोर-शराबे के घर-घर जाकर मतदाताओं से व्यक्तिगत मिल सकेगा।

बाहरी लोग नहीं रुक सकेंगे

होटल, धर्मशालाओं में बाहरी लोगों के रुकने पर प्रतिबंध रहेगा। पुलिस चेकिंग करेगी। बिना किसी वैध कारणों के बाहरी लोग नहीं रुक पाएंगे।

शहरी सीमाएं सील होंगी

सीहोर, होशंगाबाद, विदिशा, रायसेन, राजगढ़ जिले की सीमाएं सील होंगी। यहां पर पुलिस सख्ती से गाड़ियों को रोककर चेकिंग करेगी। ताकि, यदि कोई आचार संहिता का उल्लंघन कर रहा तो उसके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।

शराब के बेचने-खरीदने पर प्रतिबंध, दुकानें बंद रहेंगी

कलेक्टर आशीष सिंह ने बुधवार शाम 6 बजे से 17 नवंबर को मतदान समाप्ति तक जिले में शुष्क दिवस घोषित किया है। जारी आदेश के अनुसार मतदान समाप्ति तक शराब को बेचने-खरीदने और भंडारण आदि पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान जिले की परिसीमा में स्थित एवं संचालित सभी शराब दुकानों, रेस्टोरेंट बार, होटल बार, सिविलियन क्लब, सैनिक थोक कैंटीन, फुटकर कैंटीन, वाइन विक्रय के लिए स्वीकृत रिटेल आउटलेट एवं अन्य लाइसेंस केंद्र, जिंसी चौराहा स्थित देशी शराब भंडारागार और गांधीनगर स्थित विदेशी शराब भंडारगार से शराब के आयात, निर्यात, परिवहन, क्रय, विक्रय एवं प्रदाय पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। इसी तरह 3 दिसंबर को मतगणना वाले पूरे दिन यह प्रतिबंध लागू रहेगा।