आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजधानी भोपाल में इन दिनों मौसम सर्द बना हुआ है। सर्द हवाओं से ठिठुरन और भी बढ़ गई है। मंगलवार को दिन में टेम्प्रेचर 20.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सीजन का सबसे कम था। 3 दिन में पारे में 9.2 डिग्री गिरावट हुई, जबकि 24 घंटे में यह 4.3 डिग्री लुढ़क गया। बुधवार को भी मौसम ऐसा ही रहेगा। सुबह कोहरा भी छाएगा।

मौसम वैज्ञानिक डॉ. एचएस पांडे ने बताया कि तूफान ‘मिचौंग’ की वजह से मौसम ऐसा है। बुधवार दोपहर बाद मौसम साफ हो सकता है। वहीं, गुरुवार से धूप निकल सकती है। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि 10-11 दिसंबर को फिर से मौसम में बदलाव होगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से ऐसा होने का अनुमान है।

10 दिन से बारिश, बादल वाला मौसम

शहर में 26 नवंबर से बारिश की शुरुआत हो गई, जो 3 दिसंबर तक जारी रही। वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोप), चक्रवात और ट्रफ लाइन से बना सिस्टम कमजोर पड़ने से मौसम साफ हो गया था। इससे दिन का पारा 29.8 डिग्री तक पहुंच गया था। हालांकि, रात में फिर से मौसम बदल गया और सोमवार को मौसम बदल गया। दिनभर बादल छाए रहे। वहीं, ठंडी हवाएं भी चलने लगी। मंगलवार को भी ऐसा ही मौसम रहा।

रात में भी पारे में गिरावट

दिन में जहां पारा 20.6 डिग्री तक आ गया है तो रात के तापमान में भी 1.2 डिग्री की गिरावट हुई है। सोमवार-मंगलवार की रात तापमान 17.5 डिग्री रहा। इस हिसाब से दिन-रात के तापमान में 3.1 डिग्री का ही अंतर है। नमी की वजह से रात के टेम्प्रेचर में ज्यादा गिरावट नहीं हो रही है। हालांकि, बुधवार रात से न्यूनतम तापमान में भी कमी आने लगेगी।

देर रात भोपाल के रेन बसेरों में पहुंचे मुख्यमंत्री

बढ़ती ठंड के बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान मंगलवार रात भोपाल के शाहजहांनी पार्क और हमीदिया अस्पताल के पास स्थित रेन बसेरा पहुंचे। यहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया, और लोगों से बात की। कुछ लोगों ने बीमार होने का कहा तो उन्होंने रेन बसेरे में मेडिकल कैंप लगाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही अफसरों से शीतलहर की स्थिति में शहर के प्रमुख चौराहों पर अलाव जलाने की भी बात कही है।