आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल के गांधीनगर स्वास्थ्य केंद्र के शौचालय में ही एक महिला ने बच्ची को जन्म दे दिया। महिला रायसेन जिले के पाठाखेड़ी से डिलेवरी के लिए आई थी। अस्पताल में भर्ती होने के 1 घंटे बाद ही तेज प्रसव पीड़ा हुई और शौचालय में डिलेवरी हो गई।
पाठाखेड़ी की 26 वर्षीय मंजू पति कमल 27 नवंबर की रात 9 बजे डिलेवरी के लिए परिजनों के साथ स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंची थी। इसके एक घंटे बाद रात 10 बजे मंजू ने शौचालय में बच्ची को जन्म दिया। मंजू ने बताया कि वह स्वास्थ्य केंद्र परिसर में घूम रही थी। तभी शौच आने पर वह शौचालय चली गई। यहां पर प्रसव पीड़ा हुई और कुछ ही देर बाद डिलेवरी हो गई। उसने बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद नर्स उसे बेड पर ले गई। मां-बेटी दोनों ही ठीक है। मंजू ने बताया कि यह उसकी दूसरी संतान है। 3 साल का एक बेटा है।
सीएमएचओ तक पहुंचा मामला
स्वास्थ्य केंद्र के शौचालय में डिलेवरी होने का मामला सीएमएचओ डॉ. प्रभाकर तिवारी तक भी पहुंचा है। उन्होंने मामले को दिखवाने की बात कही। हालांकि, प्रसूता मंजू या उसके परिजनों ने अव्यवस्था को लेकर कोई शिकायत नहीं की है। बता दें कि डिलेवरी के दौरान स्टॉफ नर्स के नहीं होने की बात सामने आई थी, लेकिन प्रसूता का कहना है कि डिलेवरी होते ही दो नर्स मौके पर पहुंचीं और उसे व बच्ची को संभाला।