आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल से सटे बैरसिया इलाके में शूट हुई फिल्म ‘प्यारी-तरावाली’ रिलीज हो चुकी है। फिल्म में मुख्य भूमिका में बॉलीवुड और भोपाल के थिएटर आर्टिस्ट उदय अठरौलिया नजर आए। उदय ने इस फिल्म में एक गांव वाले का किरदार निभाया है। मामा नाम का यह कैरेक्टर फिल्म में एक अलग ही अंदाज में कॉमेडी करता नजर आया।
दैनिक भास्कर से बात करते हुए उदय ने कहा कि यह फिल्म मैंने सिर्फ बुंदेली भाषा और अपने मिट्टी यानी अपने प्रदेश के लिए की है। मैं आज भी चाहता हूं कि मेरा प्रदेश मेरा शहर सिल्वर स्क्रीन पर दिखाई दे। जो कि मेरे लिए एक अनोखा पल होता है। आगे हमेशा कोशिश रहेगी कि मध्य प्रदेश में अगर कोई फिल्म बने तो मैं उसमें जरूर शामिल हो सकूं। मुंबई सेटल्ड हूं, लेकिन भोपाल आज भी बहुत याद आता है।
उदया बोले- मिर्जापुर-3 में आऊंगा नजर
उदय बताते हैं कि जल्द ही मिर्जापुर-3 रिलीज होने जा रही है। इसमें मैं पहले की तरह एक बार फिर पहलवानों को लड़वाता हुआ नजर आऊंगा। इसके अलावा महारानी 3 में भी काम चल रहा है। महारानी, मिर्जापुर जैसी वेब सीरीज में पहले भी काम कर चुका हूं। वेब सीरीज एक कलाकार के लिए अच्छा विकल्प है। मगर कहीं न कहीं अपने आपको ओल्ड स्कूल मानता हूं और मुझे फिल्म में काम करना अधिक बेहतर लगता है।
साल 2019 में शूट हुई फिल्म
उदय बताते हैं कि यह फिल्म साल 2019 में बैरसिया में शूट हुई थी। यह फिल्म कलाकार और डायरेक्टर रजनीश दुबे के उपन्यास पर आधारित यह फिल्म बैरसिया के एक गांव तरावली की महिला की कहानी है। फिल्म को IMDB ने 9.4 रेटिंग दी है। फिल्म की लगातार सराहना की जा रही है।
2 शादी के बाद निजी यात्रा की कहानी
‘प्यारी तारावाली द ट्रू स्टोरी’ एक युवा महिला के इर्द-गिर्द घूमती है जो दो असफल विवाहों के बाद निजी यात्रा शुरू करती है। डॉली तोमर अभिनीत फिल्म अपने घरेलू कर्तव्यों से परे जीवन में एक गहरा अर्थ तलाशती है। सामाजिक मानदंडों को तोड़कर वह प्यार और आजादी की तलाश में मध्य प्रदेश के बैरसिया में अपने बचपन के घर में भाग जाती है। हालांकि, उसके जीवन में एक अप्रत्याशित मोड़ आता है जब उसकी मुलाकात एक स्वप्निल चाय-स्टॉल मालिक लक्ष्मण (रजनीश दुबे) से होती है।
ऐसा है उदय का एक्टिंग करियर
फ्रांस में आउट ऑफ कान फेस्टिवल में साल 2017 बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवॉर्ड फिल्म ‘लक्ष्मी और टिकली बम’ के लिए मिला।
फिल्म टायलेट एक प्रेमकथा में मिनिस्टर का रोल निभाया।
सलमान खान के साथ बिग बॉस के प्रमोशनल एड में काम किया।
फिल्म खानदानी शिफाखाना, बजरंगी भाईजान, वीरप्पन और गब्बर इस बेक में भी काम किया।
महारानी, मिर्जापुर वेब सीरीज में भी काम किया।