आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बड़वानी के आदिवासी बहुल क्षेत्र से छत्तीसगढ़ व राजस्थान की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। वे बोले- इनकी ईमानदारी की कमाई है तो फिर गद्दे के नीचे क्यों छिपाते हैं? छत्तीसगढ़ व राजस्थान में देखिए, कैसे कांग्रेस की काली कमाई से नोटों के ढेर लग रहे हैं। यह चोरी का माल है। मोदी उसे पकड़ता है तो सही करता है या गलत। राजस्थान के लिए पीएम ने कहा- 5 साल में क्या-क्या नहीं हुआ।
हम कल्पना भी नहीं कर सकते थे कि भारत में हम कभी सर तन से जुदा के नारे लगेंगे, लेकिन कांग्रेस के कुशासन में ये नारे लगे हैं। हमें राजस्थान को तो बचाना ही है। साथ ही मप्र काे भी बचाना है। मोदी ने कहा- आप प्यार करते हैं। वो (कांग्रेस और विपक्ष) गाली देते हैं। अमेरिका, कनाडा व अन्य देश में जय जयकार किसके कारण हो रहा है। मोदी के नहीं, देश की 140 करोड़ जनता के कारण हो रहा है। आपने वोट देकर मोदी और देश की सरकार मजबूत बनाई।
राहुल पर भी निशाना, बोले- कांग्रेस आलू से सोने का महल बना देगी
मोदी बोले- कांग्रेस सपने दिखाती है। वह आलू से सोने का महल बना देगी। हिमाचल और कर्नाटक की कांग्रेस सरकार देख लो, किसानों, माता बहनें व कर्मचारियों को चांद तारे तोड़कर लाकर देने का वादा किया था, झूठ निकला। कांग्रेस सरकार में दंगे फसाद आम हो जाता हैं।
15 को झारखंड से बड़ी घोषणाएं करेंगे
मोदी ने भाषण की शुरुआत आदिवासी भाषा में की। कहा, ‘म्हारा गांव-गांव सी, पहाड़ जंगल सी आई रिया, आखा आदिवासी भाईसो न बेनसो काजे राम राम’, यानी मेरे गांव-गांव से, पहाड़ व जंगल से आए आदिवासी भाई व बहनों को राम राम। 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा का जन्म दिवस है। सौभाग्य है कि इस दिन झारखंड में उन्हीं के गांव जा रहा हूं। वहां से देशभर के आदिवासी समाज के लिए बहुत बड़ी योजना की शुरुआत होने वाली है।
आदिवासी फोकस में क्यों?
मप्र में 47 आदिवासी सीटें, कांग्रेस इनमें से 30 जीती थी
मप्र में 47 सीटें आदिवासियों की हैं। पिछले चुनावों में कांग्रेस इसमें से 30 सीटें जीत गई थी। बड़वानी से सटा क्षेत्र खरगोन, धार और आलीराजपुर है। इनमें 13 सीटें आदिवासी वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
लोगों को कैसे जोड़ा?
मोबाइल से लाइट जलाकर समर्थन का संकल्प दिलाया
पीएम ने अंत में सभी से कहा कि मोबाइल से लाइट जलाकर संकल्प लें। समर्थन दें। मोदी ने 30 से अधिक बार आदिवासी समाज शब्द का जिक्र किया। 8 लाख से अधिक पट्टे आदिवासियों को देने की बात कही।
झारखंड से क्या मिलेगा?
पीएम 24 हजार करोड़ रुपए की योजना लॉन्च करने जा रहे
मोदी 15 नवंबर को पीवीटीजी विकास मिशन लॉन्च करेंगे। 24 हजार करोड़ रु. की योजना कमजोर जनजातीय समूह (पीवीटीजी) के समग्र विकास के लिए है। पीवीटीजी 18 राज्यों में हैं।