आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ग्वालियर के मुस्लिम बाहुल्य इलाका अवाडपुरा में वोटिंग की धीमी रफ्तार को लेकर ग्वालियर दक्षिण से वर्तमान विधायक व कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक और कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के बीच तीखी बहस हो गई।यहां कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक ने कलेक्टर से कहा कि कब तक बजाओगे भाजपा की, कलेक्टर हो कलेक्टर की तरह रहो। इस पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने जबाव दिया कि तो क्या आपकी सुने।
कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप था कि दोपहर दो बजे के बाद से लोग लाइन में लगे हैं, लेकिन उनको वोट नहीं डलवाए जा रहे हैं, जबकि कलेक्टर ग्वालियर का कहना था कि वह अपना काम कर रहे हैं।इसी को लेकर दोनों के बीच अच्छी खासी तू-तू, मैं-मैं हो गई। काफी देर तक बहस होती रही, लेकिन दोनों में से कोई पीछे हटने को तैयार नहीं थे। रात 9.30 बजे तक वहां वोटिंग हुई है। इसके अलावा बहोड़ापुर इलाके में एक कार्यकर्ता से मारपीट को ग्वालियर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा व दक्षिण से विधानसभा प्रत्याशी प्रवीण पाठक धरना पर बैठ गए थे। किसी तरह उनको समझाया गया।
ग्वालियर में शुक्रवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से हुआ है। छोटी-मोटी झड़प के अलावा कहीं भी कुछ बड़ा नहीं हुआ है। पर मतदान खत्म होते-होते अवाड़पुरा इलाके में हंगामा हो ही गया। शाम 6 बजे जब मतदान खत्म हुआ तो वहां एक सैकड़ा से अधिक मतदाता वोट डालने के लिए खड़े थे। शुक्रवार का दिन जुमे की नमाज का दिन था। अवाड़पुरा में 90 प्रतिशत आबादी मुस्लिम होने पर यहां शाम 4 बजे के बाद ही अचानक वोटर्स पहुंचे हैं। जब छह बजे तो यहां पर प्रशासन ने लाइट का इंतजाम करते हुए वोटिंग का इंतजाम कराया।
वोटिंग का प्रतिशत धीमा होने पर वहां ग्वालियर दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक ने पहुंचकर हंगामा खड़ा कर दिया। यह मुस्लिम वोटर्स कांग्रेस का वोट बैंक माना जाता है। कांग्रेस प्रत्याशी का आरोप था कि कलेक्टर जानबूझकर लोगों को वोट नहीं डालने दे रहे हैं। यहां कलेक्टर और कांग्रेस प्रत्याशी का आमना-सामने होते ही दोनों में तीखी बहस हो गई। दोनों एक दूसरे को ऊंगली दिखाकर बातचीत कर धमकाते और समझाते हुए नजर आए हैं। काफी देर हंगामा के बाद हालात संभलने और रात तक वोटिंग कराई गई है।
बहोड़ापुर थाना घेरा किया हंगामा
इसी समय दूसरी ओर ग्वालियर विधानसभा के बहोड़ापुर इलाके में वोटिंग के आखिरी समय में कार्यकर्ता से मारपीट व वोट न डालने के विवाद पर ग्वालियर विधानसभा से कांग्रेस प्रत्याशी सुनील शर्मा बहोड़ापुर थाना के बाहर धरना प्रदर्शन करने बैठ गए। यहां दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण पाठक भी वहां पहुंच गए और हंगामा किया। यहां पुलिस ने दोनों पक्षों पर क्रॉस मामला दर्ज किया है।