सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आर्टेमिस-II मिशन मानव अंतरिक्ष अन्वेषण के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके अंतर्गत अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा की परिक्रमा पर भेजा जाएगा। यह मिशन भविष्य में मानव के चंद्रमा पर पुनः अवतरण तथा गहरे अंतरिक्ष अभियानों के लिए मार्ग प्रशस्त करेगा जो भारतीय समय (आईएसटी) के अनुसार 2 अप्रैल, 2026 को लांच किया जाएगा| इसी क्रम में आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल में सवाल आपके, जवाब हमारे शीर्षक से आर्टेमिस-II मिशन पर एक लाइव इंटरैक्टिव सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों एवं विज्ञान प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों में अत्यधिक उत्साह एवं जिज्ञासा देखने को मिली। विद्यार्थियों ने इंटरैक्टिव सत्र में सक्रिय रूप से भाग लेते हुए अपने प्रश्न प्रस्तुत किए, जिनका उत्तर सरल एवं रोचक शैली में दिया गया। इस अवसर पर मिशन के उद्देश्य, मानव अंतरिक्ष अन्वेषण में इसकी भूमिका, पूर्व अंतरिक्ष अभियानों के योगदान तथा वर्तमान वैज्ञानिक उपलब्धियों तक पहुँचने की यात्रा पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही, भविष्य में चंद्रमा एवं अंतरिक्ष अनुसंधान के नए आयामों पर भी प्रकाश डाला गया।

सत्र का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अंतरिक्ष विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करना तथा उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था। विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि दृढ़ संकल्प एवं सतत प्रयास से वे भी भविष्य में चंद्रमा पर कदम रखने वाले पहले भारतीय बन सकते हैं। कार्यक्रम के पश्चात चंद्रमा पर मिशन विषय पर एक ओपन हाउस क्विज़ का आयोजन भी किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए उत्तर दिए और पुरस्कार प्राप्त किये। आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं जिज्ञासा को निरंतर प्रोत्साहित करता रहा है।
#ArtemisII #भोपाल #अंतरिक्ष #NASA #शिक्षा #विज्ञान #छात्रसंवर्धन