शिक्षा, अनुसंधान के विकास तथा सामाजिक प्रगति के दर्पण के रूप में संग्रहालयों की भूमिका के बारे में जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से, आंचलिक विज्ञान केंद्र, भोपाल, भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण, राज्य इकाई, मध्य प्रदेश, भोपाल के सहयोग से अन्तर्राष्ट्रीय संग्रहालय दिवस समारोह का आयोजन किया गया ।
इस कार्यक्रम के अंतर्गत, ‘एमपी के भू-पर्यटन स्थल’ विषय पर केंद्रित एक अस्थायी प्रदर्शनी को दर्शकों के लिए श्री सुभ्रासुचि सरकार, उप महानिदेशक, जीएसआई, राज्य इकाई, एमपी के कर कमलों द्वारा खोला गया। इस प्रदर्शनी में भेड़ाघाट-लम्हेटाघाट, भीमबेटका रॉक शेल्टर, चंबल के बीहड़, ढाला उल्कापिंड प्रभाव क्रेटर, घुघुआ राष्ट्रीय जीवाश्म पार्क और मझगवां हीरा खदान आदि एमपी के भूवैज्ञानिक महत्व के कुछ अनोखे स्थलों की झलक दिखाई गयी। इसके अतिरिक्त प्रदर्शनी में एमपी में पाए जाने वाले दुर्लभ खनिज नमूने, रॉक नमूने और जीवाश्म भी प्रदर्शित किए गए।
इस कार्यक्रम का लाभ स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थियों सहित कुल 600 आम दर्शकों ने उठाया।
इस समारोह के अंतर्गत, आंचलिक विज्ञान केंद्र, भोपाल, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय (आईजीआरएमएस), भोपाल के सहयोग से, एस्ट्रो नाईट बैनर के अंतर्गत एक रात्रि आकाश दर्शन कार्यक्रम का भी आयोजन किया । इस कार्यक्रम में, प्रतिभागियों को उन्नत दूरबीनों के माध्यम से चंद्रमा को देखने और खगोल विज्ञान की आकर्षक सुंदरता को समझने का अवसर मिला ।