सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हफ्ते के पहले कारोबारी दिन आज यानी 19 फरवरी को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिल रही है। निफ्टी ने 22,171 का ऑल टाइम हाई बनाया है। इससे पहले निफ्टी का ऑल टाइम हाई 22,115 था, जो उसने 15 जनवरी को बनाया था।

वहीं, सेंसेक्स भी करीब 300 अंक की तेजी के साथ 72,730 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 में तेजी और 5 में गिरावट देखने को मिल रही है। इसके अलावा मार्केट ओपन होते ही पेटीएम के शेयर में 5% का अपर सर्किट लग गया है।

कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में सबसे ज्यादा 1.95% की तेजी

NSE के सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी रियल्टी को छोड़कर सभी में तेजी देखने को मिल रही है। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में सबसे ज्यादा 1.95% की तेजी है। वहीं, मीडिया में 0.88%, फार्मा में 0.80%, FMCG में 0.78%, हेल्थकेयर में 0.57%, बैंक में 0.44% और ऑटो में 0.44% की तेजी है।

जेफरीज ने पेटीएम का कवरेज रोका

ब्रोकरेज फर्म जेफरीज ने पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस के कवरेज पर रोक लगा दी है। ये रोक बैंक रेगुलेटर RBI की कार्रवाई के चलते लगाई गई है। प्राइस स्थिर होने के बाद फिर से ब्रोकरेज फर्म शेयर के टारगेट के बारे में जानकारी देगी।

शुक्रवार को बाजार में रही थी तेजी

इससे पहले पिछले हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार यानी 16 फरवरी को शेयर बाजार में तेजी देखने को मिली थी। सेंसेक्स 376 अंक की तेजी के साथ 72,426 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 129 अंक की तेजी रही, ये 22,040 के स्तर पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में तेजी और 8 में गिरावट देखने को मिली थी। स्पाइसजेट के शेयर में 11.28% की तेजी देखने को मिली थी। दरअसल, स्पाइसजेट प्रोमोटर अजय सिंह ने बिजी बी एयरवेज के साथ गो फर्स्ट को खरीदने के लिए बोली लगाई थी।