सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: एम्स भोपाल के फार्मोकोलॉजी विभाग द्वारा आज एक इंटर कॉलेज फार्मोकोलॉजी क्विज का आयोजन किया गया। यह आयोजन एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के सभी मेडिकल कॉलेज और देश भर के सभी एम्स के एमबीबीएस छात्रों के लिए था। फार्म क्वेस्ट 2023 का यह सातवां संस्करण था। इस प्रतियोगिता में कुल मिलाकर विभिन्न कॉलेजों से 19 टीमों ने भाग लिया, जिसमें 38 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
आखिरी राउंड के लिए चार टीमों का चयन हुआ जिसमें एम्स जोधपुर, जीएमसी भोपाल, एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर और श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा की टीमें शामिल थी। क्विज के फाइनल मुकाबले में आठ विविड राउंड आयोजित किए गए थे। इसके अलावा एक रोमांचकारी रैपिड फायर राउंड भी हुआ। बाकी टीमों को भी प्ले अलोंग राउंड के माध्यम से भाग लेने का मौका दिया गया।
फार्म क्वेस्ट 2023 के फाइनल मुकाबले में एमजीएम मेडिकल कॉलेज इंदौर के राघव पाटीदार और नंदिनी अग्रवाल की जोड़ी को पहला स्थान मिला, जबकि गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल के मनोज चतुर्वेदी और मोहम्मद शहरोज हसन ने दूसरा स्थान हासिल किया। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने फार्म क्वेस्ट 2023 के सफल आयोजन पर पूरी टीम को बधाई दी है।