आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रतिबंधित संगठन हिज्ब उत तहरीर (HUT) मप्र में सीरियल ब्लास्ट करना चाहते थे। यह धमाके भीड़भाड़ वाले स्थानों, धार्मिक स्थलों और हिंदूवादी नेताओं के आसपास होना थे। इसके लिए HUT का विस्तार मप्र में संगठन से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किए गए युवक कर रहे थे।

यह खुलासा भोपाल, छिंदवाड़ा और हैदराबाद के तेलंगाना से गिरफ्तार किए गए युवकों ने (नेशनल इनवैस्टिगेशन एजेंसी) एनआईए अफसरों द्वारा की गई पूछताछ में किया है। उल्लेखनीय है एनआईए ने HUT से जुड़े होने के आरोप में गिरफ्तार किए गए युवकों के खिलाफ बीते दिनों भोपाल कोर्ट में चालान पेश किया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक HUT से जुड़े संदिग्ध युवक प्रदेश में संगठन का विस्तार कर रहे थे। इसके लिए आतंकी संगठन HUT के इंडिया हेड सामी रिजवी ने हैदराबाद में बीते साल मीटिंग की थी। इस मीटिंग में भोपाल के शाहजहांनाबाद का जिम ट्रेनर यासिर खान सहित अन्य युवक शामिल हुए थे। इसी मीटिंग में तेलंगाना निवासी सलीम ने यासिर खान को HUT का एमपी हेड बनाया था।

मिसबाह करता था चंदा इकट्‌ठा

आरोपियों में शामिल मिसबाह पर चंदा एकत्र करने की जिम्मेदारी थी। वह देश भर में एचयूटी तंजीम से जुड़े लोगाें से संपर्क कर चंदा जुटाने का काम करता था। इस चंदे की रकम से अवैध हथियार और विस्फोटक समग्री एकत्र की जाती थी। इसी प्रकार सामी रिजवी पर हथियारों को जुटाने की जिम्मेदारी थी। मुस्लिम नव युवकों को जोड़ने का काम दानिश को दिया गया था।

विदेशी कट्‌टरपंथ संगठनों की नजरों में आना चाहते थे

सभी आतंकियों ने हैदराबाद में की मीटिंग में तय किया था कि वह जल्द ही देश के विभिन्न हिस्सों में सीरियल ब्लॉस्ट जैसी घटनाओं को अंजाम देंगे। इससे वह विदेशों में संचालित अन्य कट्‌टरपंथ संगठनों की नजरों में आ जाएंगे। इससे उन्हें विदेशों से फंड व हथियार भी मिलने लगेंगे।

पांच सदस्य धर्म परिवर्तन कर बने कट्‌टरपंथी

कट्टरपंथी इस्लामिक संगठन हिज्ब-उत्-तहरीर (एचयूटी) के भोपाल से गिरफ्तार किए गए 10 सदस्यों में से पांच ऐसे सदस्य हैं, जिन्होंने हिंदू धर्म छोड़कर इस्लाम कबूल किया है। यह संगठन भड़काऊ तकरीरों से लोगों का ब्रेन वॉश कर इस्लाम धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करता है। गिरफ्तार किए गए 16 सदस्यों में से आठ सदस्य कन्वर्ट होकर इस्लाम धर्म कबूल किया था। भोपाल के तीन सदस्य ऐसे भी हैं जिन्होंने हिंदू युवतियों से शादी कर बाद में उनका धर्म परिवर्तन कराया।