आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दीपावली से ठीक सप्ताहभर पहले यानी 4 नवंबर शनिवार और 5 नवंबर, रविवार को पुष्य नक्षत्र का दुर्लभ संयोग बन रहा है। दुर्लभ इसलिए, क्योंकि दोनों दिन 8 शुभ योग हैं। इन दोनों दिन सोने या रियल एस्टेट में निवेश का अक्षय लाभ मिलेगा। ऐसे में अगर आप सोना खरीदने या इसमें निवेश का प्लान बना रहे हैं तो ये सही समय हो सकता है।

हम आपको बता रहे हैं कि अगर आपको भी सोने में निवेश करना पसंद है तो फिजिकल गोल्ड जैसे ज्वैलरी या सोने के बिस्किट-सिक्कों के अलावा भी कई अन्य तरीकों से आप इसमें पैसा लगा सकते हैं। इसमें आपका पैसा भी पूरी तरह सुरक्षित रहेगा और पैसों की जरूरत पड़ने पर आप इस पर लोन या इसे आसानी से बेच भी सकेंगे।

  1. गोल्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स (गोल्ड ETF)

सोने को शेयरों की तरह खरीदने की सुविधा को गोल्ड ETF कहते हैं। ये एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड हैं, जिन्हें स्टॉक एक्सचेंजों पर खरीदा और बेचा जा सकता है। चूंकि गोल्ड ETF का बेंचमार्क स्पॉट गोल्ड की कीमतें हैं, आप इसे सोने की वास्तविक कीमत के करीब खरीद सकते हैं।

इसमें निवेश के लिए डीमैट अकाउंट जरूरी: गोल्ड ETF खरीदने के लिए आपको डीमैट अकाउंट खोलना होता है। इसमें NSE या BSE पर उपलब्ध गोल्ड ETF के यूनिट आप खरीद सकते हैं और उसके बराबर की राशि आपके डीमैट अकाउंट से जुड़े बैंक अकाउंट से कट जाएगी। इससे जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक

  1. पेमेंट ऐप से भी सोने में निवेश

अब आप अपने स्मार्टफोन से ही डिजिटल गोल्ड में निवेश कर सकते हैं। इसके लिए बहुत ज्यादा पैसा खर्च करने की भी जरूरत नहीं होती है। आप अपनी सुविधानुसार जितनी कीमत का चाहें, सोना खरीद सकते हैं। यहां तक कि 1 रुपए का भी। यह सुविधा अमेजन-पे, गूगल पे, पेटीएम, फोनपे और मोबिक्विक जैसे प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।

  1. सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड भी अच्छा ऑप्शन

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड एक सरकारी बॉन्ड होता है, जिसे सरकार समय-समय पर जारी करती है। इसका मूल्य रुपए या डॉलर में नहीं होता है, बल्कि सोने के वजन में होता है। यदि बॉन्ड 1 ग्राम सोने का है, तो 1 ग्राम सोने की जितनी कीमत होगी, उतनी ही बॉन्ड की कीमत होगी। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में इश्यू प्राइस पर हर साल 2.50% का निश्चित ब्याज मिलता है। इसमें निवेश के लिए डीमैट अकाउंट जरूरी होता है।

इसे खरीदना है आसान: गोल्ड बॉन्ड खरीदने के लिए आपको किसी ब्रोकर के माध्यम से डीमैट अकाउंट खोलना होता है। इसमें एनएसई पर उपलब्ध गोल्ड बॉन्ड के यूनिट आप खरीद सकते हैं और उसके बराबर की राशि आपके डीमैट अकाउंट से जुड़े बैंक अकाउंट से कट जाएगी। इसमें ऑफलाइन भी निवेश किया जा सकता है। इससे जुड़ी अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें