आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मेटा के CEO मार्क जुकरबर्ग 26 अगस्त को टेस्ला के CEO एलन मस्क के साथ फाइट करना चाहते हैं। मस्क ने जब पहली बार जुकरबर्ग को केज फाइट के लिए इनवाइट किया था तो जुकरबर्ग ने ये तारीख सजेस्ट की थी। हांलाकि, मस्क ने अभी तक फाइट डेट कंफर्म नहीं की है।

मस्क ने कहा कि आज उनकी गर्दन और अपर बैक की MRI होनी है। इसके बाद सर्जरी की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए इस हफ्ते के आखिर तक वो डेट की जानकारी देंगे। मस्क ने ये भी कहा कि अगर लड़ाई छोटी रही तो मैं जीत सकता हूं। मेरा वजन 300 पाउंड यानी 136 किलो है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लाइव स्ट्रीम होगी फाइट

इससे पहले रविवार को मस्क ने कहा था कि ये फाइट प्लेटफॉर्म X पर लाइव स्ट्रीम होगी। इससे होने वाली इनकम बुजुर्गों को दान करेंगे। इस पर जुकरबर्ग ने कहा,’क्या हमें ज्यादा रिलायबल यानी विश्वसनीय प्लेटफॉर्म का यूज नहीं करना चाहिए जो वास्तव में दान के लिए पैसे जुटा सके?’

ऑफिस में फाइट की तैयारी कर रहे हैं एलन मस्क

मस्क ने बताया था कि उनके पास वर्कआउट के लिए टाइम नहीं है, इसलिए वह काम के समय ही इस फाइट की तैयारी कर रहे हैं। पूरे दिन वजन उठा रहे हैं। हाल ही में उन्होंने एक लाइव स्ट्रीम भी की थी, जिसमें वह डंबल उठाते हुए दिखाई दे रहे थे।

केज फाइट के लिए ट्रेनिंग ले रहे हैं मस्क और जुकरबर्ग

मस्क और जुकरबर्ग ने केज फाइट के लिए ट्रेनिंग कुछ दिन पहले शुरू की थी। ट्रेनिंग की फोटोज भी सामने आई थी। एक तस्वीर में मस्क पॉपुलर पॉडकास्टर और AI रिसर्चर लेक्स फ्रिडमैन के साथ लड़ रहे हैं। फ्रिडमैन ने ही तस्वीरें ट्विटर पर शेयर कीं और लिखा- मस्क की पावर से प्रभावित हूं।

केज फाइट का चैलेंज कैसे शुरू हुआ और ये कहां होगी…

जुकरबर्ग की कंपनी मेटा ने ट्विटर जैसा प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की बात कही थी। इसके बाद डेली मेल ने एक रिपोर्ट पब्लिश की, जिसकी हेडलाइन थी- ट्विटर को खत्म करने का जुकरबर्ग का मास्टर प्लान सामने आया। इस रिपोर्ट को ट्विटर पर शेयर किया जाने लगा। ऐसी ही एक पोस्ट पर एलन मस्क ने जुकरबर्ग को चिढ़ाने वाली इमोजी पोस्ट की।

मारियो नाफवाल नाम के ट्विटर हैंडल से जुकरबर्ग के नए प्लेटफॉर्म से जुड़ी और डीटेल्स शेयर की गई। नाफवाल को एलन मस्क फॉलो भी करते हैं। इसमें कहा गया कि मेटा के नए ऐप का नाम ‘थ्रेड’ हो सकता है। इस पर एक ट्विटर यूजर ने लिखा- बेहतर होगा मस्क सावधान रहें… मैंने सुना है कि जुकरबर्ग अब जु-जित्सु कर रहे हैं।

यहीं से केज फाइट चैलेंज की शुरुआत हुई। मस्क ने पोस्ट पर जवाब दिया- मैं केज फाइट के लिए तैयार हूं। इसके बाद जुकरबर्ग ने मस्क से फाइट की लोकेशन पूछी तो मस्क ने जवाब दिया- वेगास ऑक्टागन।