आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ट्विटर, स्पेसएक्स और टेस्ला के CEO एलन मस्क ने उनके अतीत को लेकर उठाए जा रहे सवालों का जवाब दिया है। कई लोगों ने दावा किया था कि मस्क के पिता दक्षिण अफ्रीका में एक पन्ना खदान के मालिक थे। मस्क ने इसका जवाब देते हुए एक ट्वीट में लिखा कि इस बात का कोई सबूत नहीं है कि यह तथाकथित “पन्ना खदान” कभी अस्तित्व में थी। मस्क ने ये भी बताया कि उनका बचपन कभी खुशहाल नहीं था।

इससे पहले भी एलन मस्क ने ट्वीट किया था कि जो भी उन्हें खदान के अस्तित्व का प्रमाण देगा उन्हें वो एक मिलियन डॉजकॉइन का पेमेंट करेंगे। एलन मस्क की मां माये मस्क ने भी ट्विटर पर लोगों से पूछा कि अगर ऐसी कोई खदान मौजूद होती, तो बचपन में उन्हें और एलन मस्क को एक बेडरूम वाले अपार्टमेंट में फर्श पर क्यों सोना पड़ता?

मस्क अभी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर कारोबारी है। उनकी नेटवर्थ 178.2 बिलियन डॉलर यानी 14.5 लाख करोड़ रुपए के करीब है।

दक्षिण अफ्रीका में जन्मे मस्क एलन मस्क दक्षिण अफ्रीका में 28 जून 1971 को जन्मे एलन मस्क प्रिटोरिया में पले-बढ़े हैं। उनकी मां कनाडा में जन्मी दक्षिण-अफ्रीकी मॉडल हैं, जो 1969 की मिस साउथ अफ्रीका प्रतियोगिता में फाइनलिस्ट थीं। उनके पिता एरोल मस्क एक इंजीनियर हैं। उनके माता-पिता 1980 में अलग हो गए थे।

मस्क ने 1995 में पेंसिल्वेनिया यूनिवर्सिटी से फिजिक्स और बिजनेस में बैचलर्स की डिग्री ली थी। वह स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में फिजिक्स PhD प्रोग्राम के ड्रॉपआउट हैं। मस्क ने साल 2000 में कनाडाई ऑथर जस्टिन विल्सन से शादी की थी। साल 2008 तक दोनों साथ रहे। इसके बाद 2010 में मस्क ने इंग्लिश एक्ट्रेस तलुलाह रिले से शादी कर ली जो 2016 तक चली। मस्क के विल्सन के साथ 6 बच्चे हैं और अपनी एक्स गर्लफ्रेंड सिंगर ग्रिम्स के साथ 2 बच्चे।