आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दुनियाभर में चल रहे आर्थिक संकट, महंगाई और ब्याजदरों में लगातार बढ़ोत्तरी के बीच भारतीय उद्योगपतियों की संपत्ति 133% तक बढ़ी है। दुनिया में केवल भारत की ही आर्थिक वृद्धि मजबूत है। फॉर्च्यून इंडिया रिपोर्ट अनुसार देश के 157 सबसे धनी उद्योगपतियों की मौजूदा कुल संपत्ति और पिछले साल, यानी 2022 के मुकाबले उसमें कमी और बढ़ोतरी का ब्योरा दिया गया है। सूची में शामिल इन उद्योगपतियों की कुल संपत्ति 69.30 लाख करोड़ रुपए है।
मुकेश अंबानी के पास 8.19 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति
सूची में रिलांयस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी पहले नंबर पर हैं। उनकी संपत्ति 8.19 लाख करोड़ रुपए है, जो 2022 की तुलना में 9% ज्यादा है। पिछले साल उनकी संपत्ति 7.54 लाख करोड़ रुपए थी। एक साल में इसमें करीब 65 हजार करोड़ की बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, संपत्ति बढ़ने के मामले में सिम्पसन एंड कंपनी के ए. कृष्णमूर्ति और जीरोधा ब्रोकिंग के निखिल कामथ सबसे ऊपर हैं, इनकी संपत्ति एक साल में दोगुनी से ज्यादा बढ़ी है।
बायजू रवींद्रन की संपत्ति 73.16% घटी
संपत्ति में कमी की बात करें तो बायजू ग्रुप के बायजू रवींद्रन पहले पायदान पर हैं। एक साल में उनकी संपत्ति 73.16% की कमी के साथ 10,980 करोड़ रह गई। वहीं, अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी की संपत्ति अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के कारण एक साल में 49.17% कम हो गई है। पिछले साल उनकी संपत्ति 10.3 लाख करोड़ थी, जो अब घटकर 5.24 लाख करोड़ रह गई। हालांकि, संपत्ति में गिरावट के बावजूद अडाणी इस सूची में दूसरे स्थान पर हैं।