आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हाई स्कूल और हायर सेकंडरी में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की वार्षिक परीक्षाएं फरवरी से शुरू होंगी। जबकि, अब तक स्कूलों में लगभग 65 फीसदी कोर्स पूरा हो सका है। शिक्षा विभाग जनवरी के पहले सप्ताह तक कोर्स कम्पलीट करने का दावा कर रहा है। लेकन, डेढ़ महीने में भी 35 फीसदी कोर्स पूरा कैसे हो पाएगा। दरअसल, नवंबर में बीस तारीख तक त्योहारों की छुट्टियां हैं।
वहीं दिसंबर के पहले सप्ताह में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने हैं। छह से 15 तारीख तक अद्धवार्षिक परीक्षाएं होंगी। इसके बाद क्रिसमस की छुट्टियां लगेंगी। इस तरह नवंबर-दिसंबर में करीब 15 दिन मिलेंगे। हालांकि जनवरी कोर्स पूरा करने के लिए मिलेगा। इस तरह डेढ़ महीने में कोर्स कम्पलीट होने में संशय है। छात्र कब परीक्षा की तैयारी करेंगे, यह भी बड़ा सवाल है।
मॉनिटरिंग की पुख्ता व्यवस्था नहीं
दिसंबर में छमाही के बाद कितना कोर्स कम्पलीट किया गया, इसकी मॉनिटरिंग की लिए विभाग की ओर से कोई पुख्ता व्यवस्था नहीं की गई है। केवल रिमेडियल और एक्सट्रा क्लास के माध्यम से छात्रों की समस्याओं और कमियों को दूर किया जाएगा। केवल छह माही परीक्षा के मूल्यांकन के आधार पर आगे की तैयारी होगी। इसके बाद विमर्श पोर्टल पर अभ्यास पेपर बनाकर लोड किए जाएंगे, जिन्हें छात्रों को हल करना होगा। जहां भी उन्हें दिक्कत होगी उसे स्कूल स्तर पर दूर किया जाएगा।
प्री-बोर्ड नहीं होने का तैयारी पर असर नहीं
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कोशिश रहेगी दिसंबर अंत या जनवरी के पहले सप्ताह तक पूरा कोर्स खत्म कर दिया जाए। इसके बाद रिवीजन शुरू करेंगे ताकि छात्रों को दिक्कत न हो। अधिकारियों ने बताया कि कैलेंडर के हिसाब से ही पढ़ाई हो रही है। प्री-बोर्ड नहीं भी होने से तैयारी पर असर नहीं पड़ेगा।
चुनाव में शिक्षकों की ड्यूटी से हुई दिक्कत
स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि विधानसभा चुनाव में भोपाल से ही चार हजार शिक्षकों की ड्यूटी लगी है। इससे पढ़ाई पर असर पड़ा है। छात्रों का 60 से 65 फीसदी कोर्स पूरा हो गया है। तैयारी के लिए छात्रों को भी मेहनत करनी पड़ेगी।
एक्सपर्ट बोले-नोट्स बनाकर तैयारी करें
परीक्षा जल्दी होने से छात्रों को थोड़ा कम समय मिलेगा। इसलिए वे जहां बेहतर हैं, उसका रिवीजन करें और जहां दिक्कत है वहां शिक्षकों की मदद लें। किताब से जरूर पढें, क्योंकि एमसीक्यू किताब से पूछे जाते हैं। इसमें मार्किंग बेहतर होती है। नोट्स बनाएं और शेड्यूल तय कर हर विषय पर फोकस करें। – डॉ. एसएन राय, शिक्षाविद्
रेमेडियल क्लास लगाएंगे
दिसंबर अंत या जनवरी के पहले सप्ताह तक स्कूलों में पूरा कोर्स कवर हो जाएगा। छमाही परीक्षा भी होंगी। इसका जो भी रिजल्ट आएगा, उसके हिसाब से छात्रों को वार्षिक परीक्षा की तैयारी करवाएंगे। रेमेडियल क्लास भी लगाई जाएंगी।