आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार (18 अगस्त) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 300 अंक की गिरावट के साथ 64,850 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं, निफ्टी में भी 90 अंको की गिरावट देखने को मिल रही है, ये 19,270 के स्तर पर ट्रेड हो रहा है।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 21 में गिरावट और 9 में तेजी देखने को मिल रही है। बीते दिन भी मार्केट में गिरावट देखने को मिली थी।

21% ऊपर लिस्ट हुए कॉनकॉर्ड बायोटेक के शेयर्स

कॉनकॉर्ड बायोटेक ने शुक्रवार को स्टॉक एक्सचेंजों पर शानदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर्स बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 21.46% प्रीमियम के साथ प्रति शेयर 900.05 रुपए पर लिस्ट हुआ। इसके साथ ही, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में कॉनकॉर्ड बायोटेक की लिस्टिंग ₹900.05 प्रति शेयर पर हुई, जो इश्यू प्राइस से 21.46% का प्रीमियम है।

कंपनी ने IPO का प्राइज बैंड 705-741 रुपए प्रति शेयर रखा था। ये पहले दिन तक 58%, दूसरे दिन तक 2.72 गुना और आखिरी दिन तक 24.87 गुना सब्सक्राइब हुआ था।

पिरामिड टेक्नोप्लास्ट लिमिटेड का IPO आज से ओपन

प्लास्टिक ड्रम बनाने वाली कंपनी पिरामिड टेक्नोप्लास्ट लिमिटेड का IPO पब्लिक सब्सक्रिप्शन के लिए आज यानी 18 अगस्त को ओपन हो गया है। इस इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO के जरिए कंपनी 153.05 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 22 अगस्त तक बोली लगा सकेंगे। 30 अगस्त को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।

गुरुवार को भी बाजार में थी गिरावट

इससे पहले कल यानी गुरुवार (17 अगस्त) को भी शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 338 अंक गिरकर 65,151 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी में भी 99 अंकों की गिरावट थी, ये 19,365 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 22 में गिरावट और 8 में तेजी देखने को मिली थी।