आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन आज यानी शुक्रवार (25 अगस्त) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स करीब 390 अंक की गिरावट के साथ 64,860 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

वहीं, निफ्टी में 116 अंक की गिरावट है, यह 19,270 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 में गिरावट और केवल 3 में तेजी देखने को मिल रही है।

जियो फाइनेंशियल के शेयर में लगातार पांचवे दिन लोअर सर्किट

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड में लिस्टिंग के पांचवे दिन भी लोअर सर्किट लग गया है। आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी का शेयर 4.98% की गिरावट के साथ 205.15 पर आ गया है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर यह 4.99% के लोअर सर्किट के साथ 202.80 पर आ गया है।

22 अगस्त को BSE पर ये 265 रुपए प्रति शेयर के भाव पर लिस्ट हुआ था। वहीं, NSE पर शेयर 262 रुपए पर लिस्ट हुआ था।

विष्णु प्रकाश का IPO पहले दिन 3.81 गुना सब्सक्राइब

विष्णु प्रकाश आर पुंगलिया लिमिटेड का IPO पहले दिन 3.81 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल कैटेगरी में यह 4.96 गुना, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) 6.29 गुना और क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (QIP) 0.05 गुना सब्सक्राइब हुआ।

इस इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO के जरिए कंपनी 308.88 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है। रिटेल निवेशक इस IPO के लिए 28 अगस्त तक बोली लगा सकते हैं। 5 सितंबर को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर कंपनी के शेयर लिस्ट होंगे।

कल भी बाजार में थी गिरावट

इससे पहले कल यानी गुरुवार (24 अगस्त) को शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 180 अंक की गिरावट के साथ 65,252 के स्तर पर बंद था। वहीं, निफ्टी भी 57 अंक फिसला था, यह 19,386 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 में गिरावट और 11 तेजी में देखने को मिली थी।