आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आज की स्ट्रगल स्टोरीज में कहानी बैकडांसर के तौर पर करियर की शुरुआत करके एक्ट्रेस बनने वाली डेजी शाह की है।
डेजी कहती हैं, मैं पिछले 11 सालों से इस इंडस्ट्री का हिस्सा हूं। लोगों को लगता है कि शुरुआत से ही मैं इस मुकाम पर थी, लेकिन ऐसा नहीं है। कई लोगों को पता भी नहीं है कि मैंने एक्ट्रेस बनने के बारे में कभी सोचा ही नहीं था।
करियर की शुरुआत में मैं डांस ग्रुप में क्राउड का हिस्सा थी। फिर डांसर, असिस्टेंट कोरियोग्राफर और मॉडलिंग के बाद बतौर एक्ट्रेस काम करना शुरू किया।
इस सफर की हर सीढ़ियों को मैंने परिवार के सपोर्ट और खुद की मेहनत के साथ पूरा किया है। कोई ऐसा नहीं था जिसने आसानी से ये स्टारडम मुझे गिफ्ट कर दिया हो। इस सफलता के लिए मैंने बहुत मेहनत की है।
कहानी में आगे बढ़ने से पहले एक नजर उनके करियर के सफर पर…
बतौर एक्ट्रेस डेजी शाह पिछले 12 साल से इंडस्ट्री में एक्टिव हैं। उन्होंने 2011 की कन्नड़ फिल्म बॉडीगार्ड से एक्टिंग करियर की शुरुआत की। हालांकि, उन्हें बड़ी पहचान सलमान खान की फिल्म जय हो से मिली थी। वो रेस-3 और हेट स्टोरी-3 जैसी फिल्मों का भी हिस्सा रही हैं। फिलहाल वो फियर फैक्टर: खतरों के खिलाड़ी के 13वें सीजन में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रही हैं।
मेरा जन्म मुंबई के एक गुजराती परिवार में हुआ था। शुरुआती पढ़ाई मैंने मुंबई के डोंबिवली में की, फिर पापा के काम की वजह से हमें मलाड शिफ्ट होना पड़ा। बचपन सामान्य ही बीता। पापा मुझे बेटी कम, बेटा ज्यादा मानते थे। यही वजह है कि मैंने खुद को लड़कों से कम नहीं आंका।
हमेशा से मेरा रुझान डांस की तरफ था। कॉलेज के दिनों से ही मैं डांस ग्रुप से जुड़ गई थी। शुरुआत में सिर्फ क्राउड में दिखती थी। जब ज्यादा काम के ऑफर मिलने लगे तो मैंने सोचा कि घर की जिम्मेदारी सिर्फ पापा ही क्यों उठाएं। मैंने उनसे इस बारे में बात की। मैंने उनको कहा कि मुझे काम मिल रहा है और आर्थिक रूप से मैं उनकी मदद करना चाहती थी। काफी समझाने के बाद उन्होंने मुझे काम करने की परमिशन दे दी।
ऐसा भी दौर था कि बिना सोए मैंने 15 दिन लगातार शूट किया था। इन दिनों काम की ललक ऐसी थी कि मुझे याद है कि मैंने शायद एक भी छुट्टी नहीं ली थी।