आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार में आज यानी बुधवार (2 अगस्त) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 65,700 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। निफ्टी में भी 200 अंक से ज्यादा की गिरावट है। ये 19,500 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 28 में गिरावट और सिर्फ 2 में तेजी देखने को मिल रही है।
इससे पहले सेंसेक्स 352 अंक गिरकर 66,064 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी में भी 78 अंक की गिरावट रही। ये 19,655 के स्तर पर ओपन हुआ था।
अंबुजा सीमेंट का नेट प्रॉफिट 38.51% गिरा
अडाणी ग्रुप की कंपनी अंबुजा सीमेंट ने वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी कर दिए हैं। पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर 18.29% बढ़कर 4729.71 करोड़ रुपए रहा है। हालांकि कंपनी का नेट प्रॉफिट 38.51% गिरा है, ये 1048.78 करोड़ रुपए से घटकर 644.88 करोड़ रुपए रहा है।
आज टाइटन सहित कई कंपनियों के नतीजे
आज टाइटन और HPCL सहित कई कंपनियां अपने Q1FY24 यानी फाइनेंशियल ईयर 2024 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) के नतीजे जारी करेंगी। इन कंपनियों में आदित्य बिड़ला कैपिटल, गोदरेज प्रॉपर्टीज, गुजरात गैस, इंटरग्लोबल एविएशन और मेट्रोपोलिस हेल्थकेयर शामिल हैं।
अडाणी टोटल गैस का नेट प्रॉफिट 8.56% बढ़ा
अडाणी टोटल गैस ने मंगलवार (1 अगस्त) को Q1FY24 यानी फाइनेंशियल ईयर 2024 की पहली तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी को सालाना आधार पर 8.56% बढ़कर 150.22 करोड़ रुपए का नेट प्रॉफिट हुआ है। एक साल पहले Q1FY23 में कंपनी को 138.37 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ था।
इसके साथ ही इस तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 1.3% बढ़कर 1056 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले फाइनेंशियल ईयर की इसी अवधि में 1042 करोड़ रुपए था।
कल बाजार में रही मामूली गिरावट
शेयर बाजार में कल यानी 1 अगस्त को मामूली गिरावट देखने को मिली थी। सेंसेक्स 68 अंक गिरकर 66,459 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी में भी 20 अंक की गिरावट रही। ये 19,733 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 15 में तेजी और 15 में ही गिरावट देखने को मिली थी।