आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : महाराष्ट्र सरकार ने आज टाटा ग्रुप के मानद चेयरमैन रतन टाटा को राज्य के पहले ‘उद्योग रत्न’ पुरस्कार से सम्मानित किया। शनिवार (19 अगस्त) को महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस ने रतन टाटा के आवास पर पहुंचकर उन्हें यह अवार्ड सौंपा। रतन टाटा अपने खराब स्वास्थ्य के कारण पुरस्कार समारोह में भाग नहीं लेंगे।

महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘इस मौके पर उद्योग रत्न पुरस्कार महाराष्ट्र सरकार द्वारा पहली बार शुरू किया गया। पहला पुरस्कार हमें रतन टाटा को देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। रतन टाटा और टाटा ग्रुप का देश के लिए योगदान बहुत बड़ा है। महाराष्ट्र सरकार द्वारा दिए गए इस पुरस्कार को स्वीकार करने के लिए मैं उन्हें धन्यवाद देता हूं।’

महाराष्ट्र में अलग-अलग क्षत्रों में योगदान देने वाले भी होंगे सम्मानित

इससे पहले राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने विधानसभा में एक सत्र के दौरान बताया था कि महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार की तरह विशिष्ट व्यक्तियों को दिए जाने वाले इस सम्मान को रतन टाटा को देने का फैसला एक मीटिंग में किया गया है। जल्द ही एक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रम में युवा एंटरप्रेन्योर, महिला एंटरप्रेन्योर और मराठी एंटरप्रेन्योर के लिए भी ये पुरस्कार दिए जाएंगे।

सामंत ने कहा बताया था कि, ‘महाराष्ट्र उद्योग रत्न पुरस्कारों का उद्देश्य उन व्यक्तियों और संगठनों के प्रयासों को मान्यता देना है, जिन्होंने महाराष्ट्र में व्यवसाय, उद्योग, शिक्षा, रियल एस्टेट, पर्यटन, वित्तीय सेवाओं, फैशन, इलेक्ट्रॉनिक्स, कृषि, बैंकिंग, IT, फूड आइटम्स और हेल्थ सेक्टर में जबरदस्त योगदान दिया है।’

पद्म विभूषण और पद्म भूषण से हो चुके सम्मानित

अपने करियर के दौरान उन्हें कई अवॉर्ड से सम्मानित किया जा चुका है। उन्हें भारत के दो सबसे बढ़े नागरिक पुरस्कारों 2008 में पद्म विभूषण और 2000 में पद्म भूषण से भी सम्मानित किया गया है। हाल ही में रतन टाटा को ऑस्ट्रेलिया के हाईएस्ट सिविल ऑनर ‘ऑर्डर ऑफ ऑस्ट्रेलिया’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

रतन टाटा ने विरासत को नए मुकाम पर पहुंचाया

85 साल के रतन टाटा ने उन्हें सौंपी गई विरासत को एक नए मुकाम पर पहुंचाया है। उन्होंने एअर इंडिया एयरलाइंस जो 1950 के दशक में टाटा के एंपायर से सरकार के पास जा चुकी थी, उसे वापस अपने एंपायर में शामिल किया है। रतन टाटा की लीडरशिप में TCS पब्लिकली ट्रेड कंपनी बनी और टाटा मोटर्स को न्यूयॉर्क स्टॉक एक्सचेंज में लिस्ट किया गया।