आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: उज्जैन वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में तेजी से उभर रहा है। महाकाल लोक के बाद यहां दूसरे शहर से आकर शादी करने का ट्रेंड बढ़ा है। सालभर में 150 से ज्यादा ऐसी शादियां हुई हैं। पहले यह संख्या 100 से कम ही रहती थी। वजह है- यहां मेहंदी से लेकर, होटल, कैटरर्स और अन्य व्यवस्थाएं बड़े शहरों के मुकाबले 30 से 40 फीसदी सस्ती हैं। धार्मिक माहौल तो है ही।

दैनिक भास्कर ने उज्जैन के होटल, मैरिज गार्डन संचालकों से समझा कि महाकाल लोक का वेडिंग डिस्टिनेशन पर कितना असर पड़ा..

महाकाल लोक से पहले और बाद में

इम्पीरियल होटल के ऑपरेशन मैनेजर चंद्रप्रकाश शर्मा कहते हैं नि:संदेह संख्या काफी बढ़ी है। हालांकि हमारे पास एकदम सटीक आंकड़ा नहीं है, लेकिन हम कह सकते हैं कि पहले 100 के आसपास ऐसी शादियां होती थी। इसमें 50 फीसदी तक बढ़ोतरी हो गई है। शर्मा कहते हैं लोगों को पता लगने लगा कि यहां से शादी करना किफायती है।

इंदौर, मुंबई, अहमदाबाद, सूरत, जलगांव, औरंगाबाद समेत विदेश से भी लोग यहां शादियों के लिए आ रहे हैं।