आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : देश की महिलाएं खुद का बिजनेस शुरू करने के मामले में भी कहीं आगे हैं। इस मामले में दुनिया की टॉप-5 इकोनॉमी वाले देशों में अमेरिका के बाद हम दूसरे नंबर पर हैं। आबादी में हमसे लगभग बराबरी पर खड़े चीन से तुलना करें तो पिछले साढ़े 3 साल में अपना बिजनेस शुरू करने वाली महिलाओं की तादाद चीन के मुकाबले भारत में दोगुने से भी ज्यादा है।

देश के नए उद्यमियों (एंटरप्रेन्योर) में महिलाओं की हिस्सेदारी जहां 11% तक है, वहीं चीन में यह आंकड़ा सिर्फ 5% पर अटका है। अमेरिका में यह हिस्सेदारी 18%, जर्मनी में 7% और जापान में सिर्फ 3.6% है। ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप मॉनिटर की 2022-23 की ग्लोबल रिपोर्ट में यह तस्वीर सामने आई है। नया बिजनेस शुरू करने के लिए बेहतर देशों में भी UAE, सऊदी अरब, ताइवान के बाद भारत चौथे पर है।

प्रदर्शन: पुरुषों की कंपनी से 35% ज्यादा रिटर्न

बेन एंड कंपनी के सर्वे के मुताबिक, महिलाओं के मालिकाना हक वाले स्टार्ट-अप का ROI (रिटर्न ऑन इंवेस्टमेंट) पुरुष मालिकों की फर्म से 35% तक ज्यादा रहा है।

सर्वे यह भी बताता है कि ग्रामीण इलाकों में 45% से ज्यादा महिलाओं ने खुद की अलग पहचान बनाने के मकसद से अपना बिजनेस शुरू किया।

सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अनुसार, देश के कुल 5.85 करोड़ उद्यमियों में से 80 लाख महिलाएं हैं, जो 14% की हिस्सेदारी दर्शाता है। इनकी कंपनियों में 2.2 से 2.7 करोड़ तक लोग काम करते हैं।

देश की 20% MSME इंडस्ट्रीज की मालिक महिलाएं हैं और करीब 23% लोगों को यही कंपनियां रोजगार दे रही हैं।

नया बिजनेस आइडिया देने वालों में महिलाओं की 40% हिस्सेदारी रही।

क्षमता: 2030 तक 17 करोड़ तक नए जॉब देंगी

2030 तक महिलाओं के मालिकाना हक वाली 3 करोड़ से ज्यादा नई कंपनियों में 15-17 करोड़ तक रोजगार पैदा होने का अनुमान है।

देश की GDP में अभी महिलाओं की हिस्सेदारी करीब 22% पर ही है, जबकि दुनियाभर में औसत लगभग 45% है।

हमारे स्टार्ट-अप इकोसिस्टम में महिला लीडर्स की तरक्की का बड़ा संकेत यह भी है कि 2019 से 2022 के बीच 17% निवेश सौदे उन स्टार्ट-अप के साथ हुए हैं, जिनकी मालिक महिलाएं हैं। 2030 तक यह हिस्सेदारी कई गुना बढ़ने की उम्मीद।

इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन के अनुसार, महिला लीडर वाले बिजनेस में निवेश की वजह यह है कि वे ज्यादा रिटर्न के लिए ज्यादा जोखिम उठा सकती हैं।