आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : टाटा मोटर्स ने आज गुरुवार (14 सितंबर) को न्यू जनरेशन नेक्सॉन EV को लॉन्च कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह नई सब-4 मीटर इलेक्ट्रिक SUV फुल चार्ज पर 465km की रेंज देती है। ये भारत की पहली टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील वाली कार है।

कंपनी ने नेक्सॉन SUV के एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन को अपडेट किया है। साथ ही कार में नए कलर और 60 से ज्यादा कनेक्टिंग (कंफर्ट और सेफ्टी) फीचर एड किए गए हैं।

सेगमेंट में इसका मुकाबला महिंद्रा XUV400 से है। टाटा ने इसे 14.74 लाख रुपए की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत पर पेश किया है, जो टॉप वैरिएंट में 19.94 लाख रुपए तक जाती है।

नेक्सॉन EV तीन ट्रिम और सात कलर में अवेलेबल

नेक्सॉन EV की बुकिंग 9 सितंबर से शुरू हो चुकी है। बायर्स इसे 21 हजार रुपए की टोकन मनी देकर ऑफिशियल वेबसाइट से या डीलरशिप पर जाकर बुक कर सकते हैं।

नई नेक्सॉन ईवी को 7 कलर ऑप्शन के साथ तीन अलग-अलग ट्रिम और दो वैरिएंट में पेश किया गया है। इसमें क्रिएटिव, फियरलेस और इमपावर्ड ट्रिम शामिल हैं, इनके साथ मिड और लॉन्ग रेंज वैरिएंट का ऑप्शन दिया गया है।

नेक्सॉन ईवी फेसलिफ्ट : लुक्स और एक्सटीरियर डिजाइन

कार के लुक्स और डिजाइन की बात करें तो नेक्सॉन ईवी अपने पेट्रोल-डीजल वर्जन की तरह ही दिखती है। इसके फ्रंट और रियर लुक को मौजूदा EV मॉडल से पूरी तरह से चेंज किया गया है। ये अब पहले से ज्यादा स्पोर्टी नजर आ रही है। इसके फ्रंट में नए LED DRLs स्प्लिट हेडलैंप सेटअप मिलता है। एक दम नए डिजाइन और ज्यादा स्पोर्टी दिखने वाले बम्पर पर नीचे LED हेडलैंप लगाए गए हैं।

साइड में फंकी दिखने वाले 16 इंच के डायमंड कट डुअल-टोन अलॉय व्हील के अलावा कुछ चेंज नहीं किया गया है। हालांकि, फ्रंट डोर पर ईवी की बेजिंग नजर आती है। रियर में नेक्सॉन को फुल कनेक्टेड LED टेल लाइट मिलती है, जिसे कंपनी ‘X फैक्टर टेल लैंप’ कह रही है। इसमें वेलकम और गुडबाय फंक्शन भी मिलता है।

टाटा नेक्सॉन फेसलिफ्ट : इंटीरियर डिजाइन

कार में सबसे बड़ा बदलाव केबिन के अंदर किया गया है। नई नेक्सॉन ईवी फेसलिफ्ट भारतीय ऑटो इंडस्ट्री में पहली कार होगी, जिसमें दो-स्पोक, फ्लैट-बॉटम स्टीयरिंग व्हील दिया गया है।

डेशबोर्ड में एक टच पैनल वाली HVAC यूनिट और सेंटर कंसोल पर नया गियर सिलेक्टर कार को और भी लग्जरी बनाता है।

इसके अलावा, टाटा नेक्सॉन फेसलिफ्ट में एक नया 10.25 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और 10.25 इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर मिलता है।