आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : अगर आप अपने निवेश का सफर शुरू करने की योजना बना रहे हैं, तो अभी शुरुआत करें। अगर आप देर से निवेश करना शुरू करते हैं तो यह सुनिश्चित कीजिए कि निवेश के लिए ऐसे प्लान का चयन करें, जो आपके बर्बाद हुए समय की क्षतिपूर्ति करने में मदद कर सकते हों।

निवेश का सफर शुरू करने से पहले दो चीजों को हमेशा ध्यान में रखना चाहिए। समय और निवेश पर मिलने वाला रिटर्न। यहां हम आपको कुछ ऐसे 5 फाइनेंशियल रूल्स (नियम) या फॉर्मूलों के बारे में बता रहे हैं, जिससे आपके लिए चीजें काफी स्पष्ट और आसान हो जाएंगी।

  1. 70 का नियम

इस नियम के अनुसार 70 को मौजूदा महंगाई दर से भाग देकर ये पता कर सकते हैं कि आपके निवेश का मूल्य कितनी तेजी से घटकर आधा रह जाएगा। उदाहरण के लिए जैसे अभी महंगाई दर 5% है तो आपके पैसे का मूल्य करीब 14 साल में घटकर आधा रह जाएगा। यानी अगर आप अपने 100 रुपए की वैल्यू 100 रुपए बनाए रखना चाहते हैं तो आपको कहीं ऐसी जगह निवेश करना होगा जहां से आपको सालाना 5% रिटर्न मिले। निगेटिव रिटर्न के बारे में अधिक जानकारी के लिए यहां क्लिक करें

  1. 50-20-30 नियम

यह नियम उतना ही स्पष्ट है, जितना इसके नंबर। आपको अपनी रकम को तीन हिस्सों में बांटना होगा। टैक्स के बाद 50% सैलरी को घरेलू खर्चों के लिए रखना होगा। 20% को थोड़े-थोड़े समय पर पड़ने वाली जरूरतों के लिए रखना होगा और 30% का निवेश भविष्य में पड़ने वाली जरूरतों के लिए करना होगा।

  1. 72 का नियम

यह नियम पैसे को दोगुना करने में लगने वाला समय बताता है। संभावित रिटर्न या ब्याज दर से 72 को भाग दें और देखें। एसआईपी में निवेश पर आपको 15% रिटर्न मिलता है, तो इसे डबल करने में लगने वाले समय को निकालने के लिए 72 को 15 से भाग दे सकते हैं, जो 4.8 साल के बराबर होगा। यानी आपका पैसा 4.8 साल में 2 गुना हो जाएगा।

  1. 114 का नियम

यह नियम रकम तिगुना करने में लगने वाले समय का हिसाब देता है। 114 को आप संभावित ब्याज दर से भाग देकर ये समय निकाल सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर निवेश से आपको सालाना 15% रिटर्न मिलता है तो 114 को 15 से भाग दीजिए, जो 7.6 साल के बराबर है। यानी आपका पैसा 7.6 साल में 3 गुना हो जाएगा।

  1. 100 माइनस उम्र

यह संपत्ति का आवंटन करने के संबंध में हैं। 100 में से अपनी उम्र को घटा दीजिए। जो नंबर आपको मिलेगा, वह प्रतिशत होगा, जिसका आपको शेयर बाजार में निवेश करना चाहिए। यह नियम इस पर आधारित है कि जितनी कम आपकी उम्र होगी, आपके जोखिम लेने की क्षमता उतनी ज्यादा होगी। इस अवधि में आपको जो घाटा होगा, आप उसकी भरपाई भी कर पाएंगे।