आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुनील शेट्टी आज 62 साल के हो चुके हैं। एक सफाई कर्मचारी के बेटे सुनील शेट्टी ने अपने हुनर से न सिर्फ देशभर में नाम, दौलत, शोहरत कमाई बल्कि वो सारी बिल्डिंग खरीद लीं, जहां उनके पिता कभी सफाई किया करते थे। एक फोटोशूट के जरिए फिल्मों में आए सुनील को लोगों ने इंडस्ट्री छोड़ने की सलाह दी थी, हालांकि बाद में वो 90 के दशक के हाईएस्ट पेड एक्टर्स में शुमार हुए।
आज सुनील शेट्टी के जन्मदिन के खास मौके पर जानिए उनकी खूबसूरत जर्नी की स्टोरी-
11 अगस्त 1961 को सुनील शेट्टी का जन्म मैंगलोर (अब कर्नाटक) के मुल्की शहर में हुआ। मिडिल क्लास परिवार में जन्मे सुनील के पिता वीरप्पा शेट्टी के पास मैंगलोर में कोई काम नहीं था, तो वो 9 साल की उम्र में काम की तलाश में सीधे सपनों के शहर मुंबई आ पहुंचे। यहां कुछ काम समझ नहीं आया तो एक बिल्डिंग में सफाई कर्मचारी बन गए और जुहू इलाके में ठिकाना बना लिया।
जुहू स्थित घर से कुछ दूर ही पाम बीच स्कूल था, जहां सुनील शेट्टी का दाखिला करवाया गया। सुनील इतने शरारती थे कि आए दिन घर पर शिकायतें आती रहती थीं। कभी उनसे स्कूल में पढ़ने को कहा जाता तो वो लकड़ियों के भाव बढ़ गए हैं को लड़कियों के भाव बढ़ गए हैं बोलकर पूरी क्लास को हंसाते, तो कभी दूसरी शैतानियों से। ये शेतानियां घर पर भी जारी थीं।
शरारतों के साथ बेहतरीन क्रिकेट खेलने के कारण भी सुनील स्कूल में चर्चित थे। स्कूल की क्रिकेट टीम का हिस्सा रहते हुए सुनील ने कई मैचों में जीत दिलवाई। स्कूल में हर किसी को लगता था कि सुनील एक दिन बड़े क्रिकेटर बनेंगे। सुनील खुद भी क्रिकेटर बनने का सपना देखते थे।
नकली टिकट देकर लोगों को पड़वाई थीं पुलिस की लाठियां
एक बार की बात है- जब 1 अप्रैल को अप्रैल फूल डे मनाने के लिए सुनील ने अपने करीबियों को पुलिस के डंडे पड़वा दिए। सुनील का एक बचपन का दोस्त था, जिसके पिता थिएटर की टिकट प्रिंट करने का काम करते थे। सुनील ने सोचा कि क्यों न नकली टिकट बांटकर लोगों को अप्रैल फूल बनाया जाए। सुनील ने नकली टिकटें प्रिंट करवाईं और सबको मुफ्त में बांट दीं। जब लोग नकली टिकट लेकर सिनेमाघर पहुंचे तो सीट न मिलने पर लड़ने लगे। नकली टिकट लेकर पहुंचे उन लोगों की पुलिस ने पिटाई कर दी। इस प्रैंक में सुनील के अंकल भी शामिल थे, लिहाजा पकड़े जाने पर सुनील से ज्यादा अंकल को डांट पड़ी।
बचपन में अमिताभ बच्चन ने दिया था नंबर
जुहू में जिस जगह सुनील शेट्टी रहते थे, वहां आस-पास फिल्मों की शूटिंग होती रहती थी। एक दिन अमिताभ बच्चन उस जगह जीनत अमान के साथ शूटिंग के लिए पहुंचे। जैसे ही अमिताभ को देखने के लिए सुनील ने अपने दोस्तों के साथ पास जाने की कोशिश की तो गार्ड ने उन्हें रोक दिया। ये सब अमिताभ ने देखा तो उन्होंने गार्ड से कहा कि बच्चों को मत रोको, आने दो।
मुलाकात के दौरान अमिताभ ने सुनील शेट्टी को अपना नंबर भी दिया था, लेकिन उन्होंने ये सोचकर कभी उस नंबर पर कॉल नहीं किया कि शायद वो नंबर किसी और का होगा। ये किस्सा खुद सुनील ने कौन बनेगा करोड़पति के सेट पर सुनाया था। उन्होंने ये भी कहा कि अमिताभ बच्चन का ध्यान बच्चों से ज्यादा जीनत अमान पर था। ये सुनकर बिग बी भी हंस पड़े थे।