आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFSL) के शेयर आज यानी 21 अगस्त को स्टॉक मार्केट में लिस्ट हो गए हैं। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर 265 रुपए पर लिस्टिंग हुई। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर शेयर 262 रुपए पर लिस्ट हुए। शुरुआती कीमत पर जियो फाइनेंशियल सर्विसेज का मार्केट कैप लगभग ₹1.6 लाख करोड़ है।

रिलायंस का फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस पिछले महीने अपनी मूल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) से अलग हुआ था। डीमर्जर के बाद प्राइस डिस्कवरी मैकेनिज्म के तहत जियो फाइनेंशियल के शेयर का भाव 261.85 रुपए तय हुआ था।

लिस्टिंग के बाद JFSL के शेयर में 5% का लोअर सर्किट

लिस्टिंग के बाद JFSL के शेयर में 5% की गिरावट देखी जा रही है। BSE पर शेयर 5% की लोअर सर्किट के साथ 251.75 रुपए पर आ गया है। वहीं, NSE पर भी शेयर 5% का लोअर सर्किट के साथ 248.90 रुपए पर आ गया है।

10 कारोबारी दिन तक ट्रेड-फॉर-ट्रेड सेगमेंट में रहेगा शेयर

जियो फाइनेंशियल सर्विसेज आज से 10 कारोबारी दिन तक ट्रेड-फॉर-ट्रेड (T2T) सेगमेंट में रहेगा। जब तक इस सेगमेंट में स्टॉक रहता है तो उस शेयर की इंट्राडे ट्रेडिंग नहीं हो सकती है। इस सेगमेंट के हर एक को खरीदने के लिए पूरा पेमेंट देकर डिलीवरी लेनी पड़ती है।

रिलायंस के शेयरहोल्डर्स को 1:1 के रेश्यो में JFSL के शेयर मिले थे

19 जुलाई के कारोबारी दिन के अंत में जिन-जिन शेयरहोल्डर्स के पास रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर्स थे उन्हें 1:1 के रेश्यो में JFSL यानी जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयर मिले थे।

उदाहरण के लिए, यदि आपके पास RIL के 100 शेयर थे, तो आपको JFSL के 100 शेयर दिए गए थे।

कंज्यूमर और मर्चेंट लैंडिंग बिजनेस शुरू करने का प्लान

जियो फाइनेंशियल का प्लान कंज्यूमर और मर्चेंट लैंडिंग बिजनेस शुरू करने का है। ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज की दिग्गज कंपनी मैक्वेरी ने पिछले साल अपनी रिपोर्ट में रिलायंस के फाइनेंशियल सर्विसेज बिजनेस को मार्केट ग्रोथ के मामले में पेटीएम और अन्य फिनटेक कंपनियों के लिए एक बड़ा खतरा बताया था।