आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कनाडा में भारत विरोधी गतिविधियां चलाने वाले खालिस्तान समर्थकों को करारा झटका लगा है। खालिस्तान समर्थकों ने सरी शहर के पास तमनविस सेकेंडरी स्कूल का हॉल जनमत संग्रह (रेफरेंडम) करवाने के लिए किराए पर लिया था। लेकिन स्कूल प्रशासन ने खालिस्तानियों के पोस्टर और सोशल मीडिया पर आतंकियों की फोटो लगा कर किए जा रहे प्रचार के बाद अपना फैसला बदल लिया है।
खालिस्तान समर्थकों को 10 सितंबर को जो हॉल किराए पर देने का फैसला लिया था उसे रद्द कर दिया है। स्कूल के प्रबंधकों का कहना है कि खालिस्तान समर्थकों को सोशल मीडिया पर अपनी पोस्टें और आतंक को बढ़ावा देने वाले पोस्टर हटाने के लिए कहा था। लेकिन वह नहीं हटा पाए। इसलिए स्कूल प्रबंधन ने फैसला लिया है कि खालिस्तान समर्थकों को स्कूल का हॉल रेफरेंडम के लिए नहीं दिया जाएगा।
खालिस्तानी समर्थकों की कनाडा में खूब किरकिरी हुई
10 सिंतबर को जनमत संग्रह करवाने को लेकर पूरे कनाडा में पोस्टरबाजी करने वाले खालिस्तानी समर्थकों की कनाडा में खूब किरकिरी हुई है। दरअसल, खालिस्तानियों की संस्था सिख फॉर जस्टिस जिसे भारत का मोस्ट वांटेड आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू चलाता है ने रेफरेंडम को लेकर पोस्टर जारी किए थे। जिसमें AK-47 बंदूकों का प्रदर्शन किया गया और उन पर 1985 एयर इंडिया फ्लाइट-182 बम विस्फोट के मास्टरमाइंड तलविंदर सिंह परमार की फोटो भी लगाई हुई है।
इन पोस्टरों को लेकर सरी के लोगों और 40 अलग-अलग संगठनों ने चिंता जाहिर की और तमनविस स्कूल डिस्ट्रिक्ट को इस प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की, ताकि किसी भी स्थानीय स्कूल को आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए इस्तेमाल करने से रोका जा सके। भारी विरोध के बाद बाद प्रबंधकों ने खालिस्तान समर्थकों के साथ किया गया एग्रीमेंट रद्द कर दिया।
कड़ी आपत्ति के बाद रद्द की बुकिंग
सरी स्कूल बोर्ड के एसोशिएट डायरेक्टर (संचार) रितिंदर मैथ्यू ने कहा कि सरी शहर और प्रांतीय सरकार दोनों के साथ 40 सामाजिक संगठनों द्वारा उठाई गई चिंताओं के बाद तमनविस सेकेंडरी स्कूल के न्यासी बोर्ड ने कार्यक्रम की अनुमति को रद्द कर दिया है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली
इस मुद्दे पर बार-बार प्रयासों के बावजूद कार्यक्रम आयोजक हथियारों और आतंकियों के पोस्टर हटाने में विफल रहे, और सामग्री पूरे सरी और सोशल मीडिया पर पोस्ट की जाती रही। एक स्कूल के रूप में हमारा प्राथमिक मिशन हमारे छात्रों को गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और उन्हें सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। हमारी सुविधाओं को किराए पर लेने वाले किसी भी व्यक्ति को इसका पालन करना होगा।