आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : इस हफ्ते सोने के दामों में गिरावट देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार सर्राफा बाजार में इस हफ्ते की शुरुआत, यानी 14 अगस्त को सोना 58,874 रुपए पर था, जो अब, यानी 19 अगस्त को 58,471 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। यानी इस हफ्ते इसकी कीमत में 403 रुपए की गिरावट आई है।

चांदी में रही तेजी

IBJA की वेबसाइट के अनुसार इस हफ्ते चांदी की कीमत में बढ़त देखने को मिली है। इस हफ्ते की शुरुआत में ये 69,937 रुपए पर थी, जो अब 70,447 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। यानी इस हफ्ते इसकी कीमत 510 रुपए बढ़ी है।

सेंट्रल बैंकों की सोना खरीद 23 साल में सबसे ज्यादा

2023 की पहली छमाही में दुनियाभर के सेंट्रल बैंकों ने 387 टन सोना खरीदा। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के मुताबिक, ये साल 2000 के बाद छह महीनों में आरबीआई जैसे सेंट्रल बैंकों की सबसे ज्यादा गोल्ड खरीद है। सेंट्रल बैंकों के बीच सोने के प्रति आकर्षण बीते साल भी देखा गया था। 2022 में इन्होंने 1,136 टन सोना खरीदा था, जो 55 साल की दूसरी सबसे बड़ी खरीदारी थी। 1967 में इन्होंने 1,404 टन सोना खरीदा था।

दो साल में 27% रिटर्न दे सकता है सोना

केडिया एडवायजरी के डायरेक्टर अजय केडिया के अनुसार कुछ महीने हल्की राहत के बाद एक बार फिर महंगाई बढ़ने लगी है। इसे कम करने के लिए अमेरिका और यूरोप में ब्याज दरें बढ़ाने का सिल​सिला जारी है। इस बीच शेयर बाजार तेजी के सारे रिकॉर्ड तोड़ने के बाद मुनाफा वसूली के दबाव में है। इससे सोने में निवेश की जमीन तैयार हो रही है। दो साल में यह 27% से ज्यादा रिटर्न दे सकता है।

वायदे में सोना अभी 60,000 रुपए और सर्राफा बाजार में 59,500 रुपए से नीचे है। इस साल यह 65,000 और जून 2025 तक 75,000 रुपए प्र​ति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। अभी निवेश करने पर दो साल में सोना 27% रिटर्न दे सकता है।